

विभिन्न समस्याओं को लेकर कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत स्थायी समिति की बैठक पंचायत सरकार भवन में बैठक की गई। बैठक में कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसमें स्थानीय बाजार में जाम की समस्याओं के समाधान को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। जाम ना हो इसको लेकर स्थानीय बाजार अतिक्रमण मुक्त करने पर विचार किया गया।
वहीं बैठक में मामला उठा कि कुशेश्वरस्थान नगर पंचायत में बिजली विभाग की काफी मनमानी की जा रही है। जब ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक शहरी क्षेत्र के लोग बिजली बिल का भुगतान कर रहे है तो फिर शहरी क्षेत्रों में बिजली की कटौती क्यों।
नगर पंचायत के लोग लगभग 13 रुपये यूनिट बिजली बिल का भुगतान कर रहे है और सुविधा ग्रामीण क्षेत्र से भी बत्तर मिल रही है। बिजली की सुविधा सही से नगर पंचायत के लोगो को मिल सके इसके लिए अलग से फीडर की व्यवस्था की जाय।
बिहार का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल कुशेश्वरस्थान मंदिर के सामने स्थित शिवगंगा घाट के पानी को निर्मल बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नगर पंचायत कार्यालय सुचारू रूप से चल सके इस पर भी चर्चा की गई।
बताया गया कि नगर पंचायत निर्माण के बाद चुनाव भी हो गया लेकिन अब तक नगर पंचायत का कार्यालय ही नही है। नगर पंचायत की बैठक या संबंधित कार्य दूसरे के भवन में किया जा रहा है।
बैठक में मामला उठा कि नगर पंचायत का अपना कार्यालय हो। वहीं ऑटो स्टैंड, विवाह भवन सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य पार्षद शत्रुघ्न पासवान, उप मुख़्य पार्षद सुजीत पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी जयचंद अकेला, पार्षद अशोक कुमार यादव, नीला देवी सहित संबंधित कर्मी मौजूद थे।


