

प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान देशज टाइम्स। कल श्रावण की पहली सोमवारी है। शिव नगरी कुशेश्वर नाथ महादेव मंदिर में प्रत्येक वर्ष सावन में लाखों शिवभक्त आते हैं। शिवभक्तों को किसी प्रकार की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े, इसको ध्यान में रखते हुए कुशेश्वरस्थान मुख्य सड़क, हॉस्पिटल रोड से बस स्टैंड तक अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का बुलडोजर चलाया गया।
न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीएम संजीव कुमार कापर के निर्देश के बाद कुशेश्वरस्थान सीओ अखिलेश कुमार और थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में अतिक्रमण मुक्त कराया गया। वहीं वर्षो से अतिक्रमण किराना मार्केट को भी अतिक्रमण मुक्त कराते हुए सभी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी भी दी गई।
अब कोई दुकानदार अपने दुकान से बाहर कर अपना दुकान लगाते है तो दंड के भागी होंगे। जानकार बताते है कि इससे पूर्व भी कुशेश्वरस्थान मुख्य सड़क एसएच 56 को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया था।
इसके कुछ दिन बाद ही दुकानदारों ने धीरे-धीरे सड़क को अतिक्रमण कर लिया। इसलिए इस बार अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद आखिरी बार चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन की ओर से चलाये गए बुलडोजर से स्थानीय लोगों में भी खुशी है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि सड़क अतिक्रमण होने के कारण यहां के लोगो को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। लोग घंटों जाम में फंसे रहते थे।
वहीं लोगों ने बताया कि कुशेश्वरस्थान प्रशासन किराना बाजार को अतिक्रमण से मुक्त करके बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। किराना बाजार में दुकानदार सड़क के दोनों तरफ इस तरह से अतिक्रमण कर रखा था कि लोगो का पैदल चलना भी मुश्किल होता था।
वहीं, सीओ श्री कुमार ने देशज टाइम्स को बताया कि प्रत्येक शनिवार को कुशेश्वरस्थान बाजार में यह अभियान चलाया जायेगा। अब जो भी लोग दुबारा अतिक्रमण करते हैं तो उसे चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी। इस मौके पर अंचल के कर्मी दर्जनों पुलिस पदाधिकारी सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।



