

उत्तम सेन गुप्ता, बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। अनुमंडल के गौड़ाबौराम प्रखंड क्षेत्र के कुनौनी कमला नदी के जल स्तर में अचानक वृद्धि होने से परबत्ता गांव के साथ-साथ बिरौल प्रखंड के भंथा गांव के निचले हिस्से में रातों रात बाढ़ का पानी फैल गया है।
इससे सैकड़ों हैक्टेयर खेतों में लगे धान के साथ साथ पटबन के लिए खेतों में रखे पम्पिंग सेट डूब गया। वहीं, धान का फसल डूब जाने के कारण किसानों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया है।
किसानों में राजेंद्र झा, रामविलास सिंह, सतनाम सिंह, बलवीर यादव, कैलाश, संजय झा, मो.नुरुल सहित कई लोगों ने देशज टाइम्स को बताया कि गौड़ाबौराम प्रखंड के कन्हैय पंचायत के कन्हैय, कुनौनी के पश्चिमी भाग से होकर गुजरने वाले कमला नदी में रातों-रात पानी ओवरफ्लो हो गया।
इससे गौड़ा बौराम प्रखंड के परवत्ता, कुनौनी, बिरौल प्रखंड के भंथा सहित आधा दर्जन गांव के निचले हिस्से में बाढ़ का पानी फैल गया है। किसानों का कहना है कि अबतक कम बारिश होने से ये लोग निजी स्तर से खेतों में लगाये गए बोरिंग से धान के फसल में पटबन के लिए एक दिन पूर्व पम्पिंग सेट लगाया था।
रविवार की सुबह पटबन के लिए जब लोग अपने अपने खेतों की ओर गए तो देखा कि धान की फसल पूरी तरह डूब चुकी थी। इसके अलावा, खेतों में लगे पम्पिंग सेट भी डूब चुका था।
किसानों का मानना है कि अगर नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हुई तो धान का फसल बर्बाद हो जाएगा। बाढ़ का पानी तटबंध टूटने से नहीं बल्कि नदी के मार्ग से प्रवेश किया है।

