

मोतिहारी से बड़ी खबर है जहां जिले के झरोखर थाना क्षेत्र में शराब और शराबियों के खिलाफ छापा मारने गई उत्पाद पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में होमगार्ड के एक जवान ह्रदय नारायण राय की मौत हो गयी है। राय घोड़ासहन उत्पाद चेक पोस्ट पर तैनात थे।
घटना सोमवार की देर रात झरोखर बम बाजार के पास की है। जहां पुलिस ने एक को शराब के नशे में गिरफ्तार किया। इस दौरान जैसे ही ब्रेथ इनेलाइजर से शराब पीने की पुष्टि हुई, उसके बाद उसे गाड़ी में बैठा ही रहे थे कि भारी संख्या में ग्रामीणों ने उत्पाद टीम पर हमला कर दिया।
सभी जान बचाकर भागने लगे। इसमें कई लोगों को चोट आई। भागने के दौरान 55 वर्षीय हृदय नारायण राय भीड़ के हत्थे चढ़ गए। इस दौरान भीड़ ने उनकी बुरी तरीके से पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई।
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि घोड़ासहन अंचल के झरोखर थाना से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर बम बाजार के समीप शराब की सूचना पर उत्पाद पुलिस की घोड़ासहन चेक पोस्ट पदाधिकारी व पुलिस बल छापेमारी करने गयी थी। जहां एक बाइक चालक को शराब के नशे व शराब के साथ पकड़ा गया।
इसी बीच पास के गांव के दो सौ लोगो ने उत्पाद टीम पर लाठी डंडा से हमला कर दिया।इसमें टीम के कई लोगों को चोट लगी है। वहीं, होमगार्ड के एक जवान ह्रदय नारायण राय को गंभीर चोट पहुंची, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस पूरे क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।





