

मुजफ्फरपुर के चर्चित प्रोपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड में एक और मौत हो गई है। हमले में गोली से घायल आशुतोष शाही के तीसरे बॉडीगार्ड प्रकाश सिंह की भी मौत हो गई है।
वहीं, इस बड़ी चार मर्डर के बाद मुजफ्फरपुर एसएसपी का बड़ा एक्शन सामने आया है। सात थानेदारों समेत पंद्रह पदाधिकारियों पर गाज गिरी है। शहरी क्षेत्र के सात थानेदार समेत विभिन्न थानों में तैनात पंद्रह अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। सभी अधिकारियों को थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसमें नगर थानेदार श्रीराम सिंह भी शामिल हैं।
अमनौर के रहने वाले प्रकाश सिंह का इलाज मेडिसर्व हॉस्पिटल में चल रहा था। बता दें की 21 जुलाई को हथियार से लैश चार बदमाशों ने आशुतोष शाही पर हमला कर दिया था। इस हमले में पांच लोगों को गोली लगी थी।
आशुतोष शाही की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं एक बॉडीगार्ड ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाद में एक और बॉडीगार्ड की मौत हो गई थी। अधिवक्ता और तीसरे बॉडीगार्ड प्रकाश सिंह का इलाज चल रहा था। आज प्रकाश सिंह ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही की पत्नी दीपांदिता के बयान पर हुए एफआईआर में 6 आरोपियों में से 3 को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं मंटू शर्मा, गोविंद कुमार और नंजय ओंकार अभी भी फरार हैं।
मुजफ्फरपुर पुलिस की 4 टीम पटना, आरा और जहानाबाद के कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरा से मंटू शर्मा के एक दोस्त को पकड़ा था। उसी की निशानदेही पर पुलिस अब अपनी टीम को बनारस और जौनपुर भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने पटना में इन तीनों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं।
बीते कुछ दिनों से मुजफ्फरपुर में अपराध में निरंतर वृद्धि हो रही है। बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी राकेश कुमार और सीटी एसपी ने समीक्षा बैठक की, जिसमें जिले के कई थानेदारों की कार्यशैली से वो असंतुष्ट रहे। एसएसपी ने कड़ा एक्शन लिया है, उन्होंने 7 थाना अध्यक्षों को लाइन हाजिर कर दिया है।
साथ ही साइबर थाना के अपर थाना अध्यक्ष को भी लाइन हजार कर दिया है। बता दें कि जिले के सदर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र मिश्रा, ब्रह्मपुरा थाना अध्यक्ष नवीन कुमार, मिठनपुरा थाना अध्यक्ष श्रीकांत प्रसाद सिन्हा, काजी मोहम्मदपुर थाना अध्यक्ष दिगंबर कुमार, बेला थाना अध्यक्ष नीरू कुमारी, अहियापुर थाना अध्यक्ष अरुण कुमार, साइबर थाना के अपर थाना अध्यक्ष अनिल कुमार को लाइन हाजिर किया गया है।
इसके साथ ही नगर थाना के सब इंस्पेक्टर जैनेंद्र झा, नगर थाना के सब इंस्पेक्टर रंजन कुमार, सदर थाना के सब इंस्पेक्टर अजय पासवान, नसीम अंसारी, मीनापुर के सब इंस्पेक्टर सुनील पंडित, ब्रह्मपुरा के सब इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, अहियापुर के सब इंस्पेक्टर अर्जुन पाल को भी लाइन क्लोज किया गया है।





