

राजस्थान के कोटा में बिहारी छात्रों के खुदकुशी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। छात्र वहां पढ़ने जाते हैं और फिर वहां से जो खबर आती है पूरी व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ी कर देती है। लगातार वहां से आत्महत्या की खबरें विचलित करने लगी हैं।
पिछले सात महीनें में बीस छात्रों ने वहां खुदकुशी कर ली है। ताजा मामला, महावीर नगर थाना इलाके में सामने आया है। जहां, मोतिहारी के छात्र ने खुदकुशी कर ली है। पश्चिमी चंपारण, मोतिहारी के रघुनतपुरम का रहने 17 वर्षीय भार्गव मिश्रा ने खुदकुशी कर ली है। वह सिर्फ दो महीनें पहले ही कोटा में पढ़ाई के लिए गया था।
जानकारी के अनुसार, भार्गव पिछले अप्रैल महीने में ही कोटा जाकर इंजीनियरिंग की तैयारी शुरू की थी। वह महावीर नगर तृतीय स्थित एक मकान में रह रहा था।
मकान मालिक ने बताया कि भार्गव अपने परिजनों का फोन शुक्रवार दोपहर से ही नहीं उठा रहा था। ऐसे में उसके पिता जितेंद्र मिश्रा ने हमें फोन कर देखने को कहा।
उन्होंने बताया कि वह भी जब कमरे के बाहर गए तो कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से दिखा कि वह खुदकुशी कर चुका है। तत्काल पुलिस आकर मामले की तहकीकात में जुटी है। परिजनों को बुलाया गया है।





