खुटौना, मधुबनी देशज टाइम्स। लौकहा थाना क्षेत्र के वार्ड 8 निवासी स्व. युनूस साह के 23 वर्षीय पुत्र मो. जफर साह की मौत दिल्ली में जहांगीरपुरी के जेजे कॉलोनी स्थित मो. करीम के दस्ताने की फैक्ट्री में हो गई।
जानकारी देते हुए जफर के मजदूर साथी मो. इस्माइल ने बताया बीते 21 अगस्त को घर से काम पर लौटा ही था। और, रोजमर्रा की तरह सोमवार की सुबह नाश्ता कर बिसलेरी की बोतल को कंधे पर लाद जफर तीसरी मंजिल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सीढ़ी से पैर फिसलने पर पीछे की ओर से सीढ़ी पर गिरा। और, सर में चोट लगी।
आनन-फानन में काम कर रहे लोगों ने जफर को जहांगीरपुरी के जगजीवन अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को फैक्ट्री के संचालक मो. करीम ने जफर के स्थायी घर लौकहा के लिए एंबुलेंस से भेज दिया है।
मौत की खबर मिलते ही जफर की मां और बहनों का बुरा हाल है। जफर की मां बिलटोनिया खातून ने बताया डेढ़ वर्ष पूर्व नेपाल में उसकी शादी हुई थी। और, पत्नी सात महीने से प्रेंग्नेंट है। जफर की पांच शादी-शुदा बहनें हैं।
जफर की खबर से लौकहा के लोग स्तब्ध हैं। जफर के घर पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। लोग जफर की मां को ढांढस बंधाते दिख रहे हैं। शव को बुधवार दस बजे तक लौकहा के कब्रिस्तान में खाके सुपूर्द किया जायेगा।