

मुख्य बातें: आमलोगों के आधार कार्ड के छायाप्रति के आधार पर सिम निकाल अपराधियों को करता था सप्लाई, गिरफ्तार, दो हजार रुपए में अपराधियों के हाथ बेचता था एक सिम, देशज टाइम्स फोटो: बेनीपट्टी स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेसवार्ता कर जानकारी देतीं एसडीपीओ नेहा कुमारी
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स। आमजन हो जाये सावधान ! आपके आधारकार्ड के छायाप्रति के आधार पर सिम निर्गत और सक्रिय कर अपराधियों को सप्लाई किया जा सकता है।
चूंकि, इसी प्रकार का एक मामला बेनीपट्टी अनुमंडल क्षेत्र से निकलकर सामने आयी है। जहां आमजनों के आधारकार्ड की छायाप्रति लेकर उसके आधार पर सिम निकाल अपराधियों को देने के आरोप में पुलिस ने एक मोबाइल सीम विक्रेता को धड़ दबोचा है।
दुकानदार की पहचान जयनगर के मेघवारी के राजेन्द्र यादव के पुत्र संतोष कुमार यादव के रूप में की गयी है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के पास से एक मोबाइल भी जप्त किया है। जिससे फर्जी डॉक्यूमेंट से सिम चालू किया जाता था।
अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रेसवार्ता करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नेहा कुमारी ने बताया कि कि 11 जुलाई को हरलाखी के उमगांव-बासोपट्टी सड़क के मोहनपुर के समीप जयनगर के कपड़ा व्यवसायी के स्टॉफ से अपराधियों ने दो लाख 35 हजार रुपये लूट लिए थे।
इसके उद्भेदन के लिए गठित एसआईटी मामले की अनुसंधान में लगी हुई थी। अनुसंधान के क्रम में घटनास्थल से मोबाइल का इनपुट लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधी घटना के समय जिस मोबाइल सिम का उपयोग कर रहा था।
वो सिम संतोष मोबाइल सेंटर से चालू कराया गया था। जांच के दौरान पता चला कि सीम फर्जी तरीके से प्राप्त डॉक्यूमेंट के आधार पर निकाल कर दुकानदार अपराधियों को दिया था। प्रति सिम दो हजार में दुकानदार देता था।
डीएसपी ने बताया कि जयनगर में 17 जुलाई को हुई लूट में भी इसी सेंटर से दिए गए सीम का उपयोग अपराधी कर रहा था। उन्होंने बताया कि अपराधियों को फर्जी तरीके से सिम उपलब्ध कराने के आरोप में संतोष कुमार यादव की गिरफ्तारी हुई है।
घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मौके पर हरलाखी एसएचओ अनोज कुमार, रीडर रंजीत कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।



