

मधुबनी, देशज टाइम्स। जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र में एक बार फिर बेखौफ डकैतों ने बीते रविवार देर रात्रि तकरीबन 12 बजे डकैती की भीषण घटना को अंजाम दिया है।
घटना साहरघाट थाना क्षेत्र के बाजार की है, जहां एक दवा और कपड़ा व्यवसायी के घर 30 से 40 की संख्या में डकैतों ने धावा बोला दिया। इस दौरान डकैतों ने लाखों रुपए मूल्य के स्वर्ण आभूषण और लाखों रुपए नगद की डकैती की।
सूचना पाकर गश्ती कर रही पुलिस ने डकैतों को ललकारा जिसके बाद डकैतों ने दर्जनों बम का विस्फोट किया और कई राउंड फायरिंग भी की। डकैती के दौरान डकैतों ने गृह स्वामी राजकुमार गामी की पत्नी पुत्र व दामाद को मारपीट कर घायल कर दिया।
वहीं डकैती के दौरान डकैतों का विरोध कर रहे पुलिस के दो जवान भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर एसपी सुशील कुमार बेनीपट्टी, झंझारपुर और फुलपरास के डीएसपी और आसपास के दर्जनों थानों की पुलिस के साथ पहुंचकर घटना की छानबीन कर रहे हैं।
और, आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाये जा रहे हैं। पुलिस इस मामले में अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है। वहीं इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत व आक्रोश व्याप्त है।प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी व डकैती की घटनाओं से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश है।
घटना से नाराज लोगों ने सोमवार सुबह साहरघाट के नेता जी चौक को घन्टों जाम कर टायर जला कर अपना विरोध जताया। वहीं घटना के विरोध में बाजार की सभी दुकानें भी बन्द रहीं।
अभी बीते शुक्रवार को ही थाना क्षेत्र के अवारी गांव में चोरी की घटना घटी थी जिसका उद्भेदन अभीतक नहीं हुआ है और बीते रविवार की रात फिर से डकैती की बड़ी घटना को अपराधियों ने अंजाम देते हुए पुलिस को चुनौती दे दी है।


