

देशज टाइम्स, केवटी : बकाया मानदेय की भुगतान की मांगों को लेकर कोयलास्थान पंचायत के स्वच्छता कर्मियों ने रविवार को कोयलास्थान चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीपधरना प्रदर्शन किया और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद इसमाईल ने की।
स्वच्छता पर्यवेक्षक ने बताया कि पंचायत में वर्ष 2022 के 7 जुलाई से कार्य आरंभ हुआ और वर्तमान में भी चल रहा है। इस सोलह महीने में मात्र 7 महीने का मानदेय भुगतान हुआ है।
शेष आठ महीने से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है। इस संबंध में अधिकारियों को ध्यान आकृष्ट कराते हुए बकाया मानदेय का भुगतान शीध्र करने की मांग की गई थी।
वहीं मानदेय का भुगतान नहीं होने पर कार्य बंद कर देने की भी बात कहीं गई थी। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं है सका। बाध्य होकर पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को धरना प्रदर्शन करना पड़ा। बताया कि स्वच्छता कर्मियों का बकाया मानदेय का भुगतान शीध्र होना आवश्यक है, क्यों कि दीपावली एवं छठ पर सामने है।
इसी बीच पूर्व उप प्रमुख सुवंश कुमार यादव व अशोक कुमार यादव एवं कामदेव यादव आदि ने धरना प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आक्रोशित स्वच्छता कर्मियों को शांत कराया और स्वच्छता कर्मियों की बकाया मानदेय की भुगतान की मांगों के संबंध में बीडीओ से मोबाइल पर बातें की। बीडीओ से मिले आश्वासन के बाद स्वच्छता कर्मियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।
इस दौरान दुर्गा पूजा समिति की ओर से स्वच्छता कर्मियों को अंग वस्त्र धोती – साड़ी उपलब्ध कराया गया। उधर, मुखिया संजू देवी ने भी स्वच्छता कर्मियों को शीध्र बकाया मानदेय का भुगतान करने का आश्वासन दिया है।

