

मधेपुर, मधुबनी देशज टाइम्स। भाभी से इश्कबाजी में भाई ने ही भाई की हत्या की स्क्रिप्ट लिखी। वह भी मुंबई में बैठकर। मगर, मधेपुर पुलिस ने एक-एक परत को उधाड़ डाला। इश्क की दास्तांन में विनोद कुमार की कैसे हत्या हुई इसकी परत खोलते हुए पुलिस ने हत्याकांड का का पूरा उद्भेदन कर दिया है।
साथ ही हत्या में शामिल तीन अपराधियों सहित एक अन्य को भी गिरफ्तार करते हुए लूट में प्रयुक्त एक बाइक,दो देसी कट्टा ,पांच जिंदा कारतूस व दो मोबाइल (Big revelation in Vinod murder case in Madhubani) बरामद करते हुए जो बातें कहीं, पढ़िए पूरी खबर
जहां भाभी के प्यार में अंधा होकर भाई ने ही भाई की हत्या के लिए कांट्रैक्ट किलर को दी थी सुपारी, डेढ़ लाख रुपए में शूटरों के साथ तय हुए थे मौत के दस्तावेज, मुंबई में तय हुई थी मर्डर की पूरी स्क्रिप्ट, 17 अक्टूबर को पीडीएस विक्रेता के पति विनोद यादव को मारी गई थी गोली, यही है पूरी कहानी जिसका खुलासा कर रहे हैं प्रेसवार्ता में एसडीपीओ अशोक कुमार ने दी जानकारी
भाभी के प्यार में पड़कर भाई ने ही भाई की हत्या के लिए किराए के कातिल को दी थी सुपारी। मामला मधेपुर थाना क्षेत्र के सिकरिया ईंट भट्ठा के निकट बीते 17 अक्टूबर को गोली मारकर हुई विनोद कुमार यादव हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया।
गोली लगने की तीन दिन बाद इलाज के दौरान विनोद यादव की मौत दरभंगा के एक निजी हॉस्पिटल में हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई मनोज कुमार यादव ने मधेपुर थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस के लिए यह केस किसी चैलेंज से कम नहीं था।
पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर झंझारपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इसमें मधुबनी तकनीकी शाखा की टीम को भी शामिल किया गया। वैज्ञानिक अनुसंधान और पुलिस खबरियों की मदद से झंझारपुर एसडीपीओ और थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर हरि किशोर यादव ने तकनीकी शाखा टीम की मदद से इस केस का सफल उद्भेदन करने में कामयाबी हासिल की।
पुलिस ने इस हत्या में शामिल सुंदर विराजित गांव निवासी मृतक विनोद यादव के भाई सरोज कुमार यादव, घोघरडीहा थाना क्षेत्र स्थित मुजियासी गांव निवासी 22 वर्षीय अजय कुमार ठाकुर/शर्मा, मधेपुर थाना क्षेत्र स्थित बाथ गांव निवासी 20 वर्षीय सुशील मुखिया सहित एक अन्य बदमाश लौकही थाना क्षेत्र स्थित बलुआ गांव निवासी 19 वर्षीय सचिन कुमार को हथियार के साथ गिरफ्तार किया।
सचिन कुमार विनोद यादव हत्या मामले में शामिल नहीं है वो शूटर अजय कुमार ठाकुर के साथ बाइक पर एक साथ धराया है। पुलिस सचिन कुमार के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। शनिवार सुबह झंझारपुर डीएसपी अशोक कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर प्रेम प्रसंग में की गई इस कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का खुलासा किया।
एसडीपीओ ने बताया कि सुंदर विराजित गांव निवासी जनवितरण प्रणाली विक्रेता रिंकू देवी के पति विनोद यादव के छोटे भाई सरोज कुमार यादव को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई। हैरत की बात तो यह है कि सरोज यादव ने अपने मृतक भाई को मुखाग्नि भी दी थी।पुलिस की ओर से गहन पूछताछ में सरोज यादव ने इस कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का खुलासा करते हुए बताया कि सरोज यादव का अपनी भाभी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इस प्रेम प्रसंग की भनक उसके बड़े भाई यानी मृतक विनोद यादव को लग गई। विनोद यादव ने अपने छोटे भाई सरोज कुमार यादव को धमकाते हुए इस नाजायज संबंध को खत्म करने के लिए कहा साथ ही संबंध खत्म नहीं करने पर उठा लेने की धमकी दिया।
फिर क्या था भाभी का प्रेम सरोज यादव के सर पर इस कदर सवार था कि अपने भाई की हत्या के लिए उसने पूरी स्क्रिप्ट मुंबई में रहते हुए तैयार की। और मुंबई में ही बतौर रूम पार्टनर रह रहे अजय कुमार ठाकुर/शर्मा जो की घोघरडीहा थाना क्षेत्र के मुजियासी गांव निवासी को अपने बड़े भाई की हत्या की सुपारी डेढ़ लाख में तय कर दी।
एसडीपीओ ने इस मामले में आगे खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के लिए तय सुपारी की रकम 1.50 लाख में से 30 हजार रुपए सरोज कुमार यादव ने अजय कुमार ठाकुर को एडवांस के तौर पर फोन एप के माध्यम से दिया। विनोद यादव की मौत हो जाने पर 40 हजार रुपए और दिया गया। तय सुपारी की रकम का शेष राशि देना बाकी था। इसी रकम की अदायगी के लिए सरोज यादव ने कॉल कर अजय कुमार ठाकुर को बुलाया था।
जोरमा बांध पर पहले से ही वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम को देख कर एक ही अपाचे बाईक पर सवार दोनों युवक भागने लगे। अपाचे से भाग रहे तीनों युवकों को पुलिस टीम ने खदेड़ कर पकड़ने का प्रयास किया जिसमें दो युवक पुलिस के हत्थे चढ़े और एक युवक भागने में कामयाब रहा।
धराए युवकों में अजय कुमार ठाकुर/शर्मा, सचिन कुमार बताए गए। फरार हुए युवक की पहचान सुशील मुखिया बताया गया। धराए युवकों की तलाशी लेने पर अजय कुमार ठाकुर के बाएं कमर से 1 देशी कट्टा तथा पेंट के दाहिने पॉकेट से 3 गोली एक वन प्लस मोबाईल फोन बरामद हुआ।
तत्पश्चात पकड़ाये युवक अजय कुमार ठाकुर और सचिन कुमार को साथ लेकर फरार हुए सुशील मुखिया के घर पर छापेमारी की गयी। पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान सुशील मुखिया अपने घर पर ही मौजूद था।
पुलिस को देखते ही वह पुनः वहां से भी भागने लगा। जिसे पुलिस बलों ने दबोच लिया। सुशील मुखिया के घर की तलाशी लेने पर घर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस (गोली) बरामद हुआ। छापेमारी में पहुंची पुलिस ने सुशील मुखिया को विधिवत गिरफ्तार कर थाने ले आई और इसके विरुद्ध थाने में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस की ओर से थाने पर गहन पूछताछ करने पर अजय कुमार ठाकुर/शर्मा ने अपने दो साथी सुशील मुखिया और देवन यादव के साथ मिलकर सरोज यादव के कहने पर विनोद यादव को गोली मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
गोली मार कर हत्या मामले में फरार तीसरा अपराधी देवन यादव घोघरडीहा थाना क्षेत्र के धावघाट निवासी बताया गया है। डीएसपी ने प्रेस को संबोधित करते हुए यह दावा किया कि इस हत्या मामले में फरार आरोपी सहित अन्य लोगों की संलिप्तता को खंगाल रही है जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।
मालूम हो कि इस हत्या में शामिल सुपारी किलर अजय कुमार ठाकुर/शर्मा मधेपुर थाना के चौकीदार हीरा खां को भी इसी वर्ष फरवरी माह में गोली मारी थी। जिसे लेकर मधेपुर थाने में कांड संख्या 26/23 दर्ज है। चौकीदार हीरा खां की किस्मत अच्छी थी जो उसकी जान बच गई और वह पुनः अपने ड्यूटी पर तैनात हैं। शूटर अजय कुमार ठाकुर/ शर्मा का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है झंझारपुर भैरवस्थान थाना क्षेत्र में भी गोली मारकर हत्या मामले में आरोपी है।



