

Patna | बिहार अब पूरी तरह उत्तर प्रदेश के रास्ते पर चल पड़ा है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस एक्शन मोड में है, लगातार एनकाउंटर हो रहे हैं। हाल ही में पटना से महज 20 किमी दूर नौबतपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच तीन घंटे तक मुठभेड़ चली। इस दौरान दो लाख के इनामी अपराधी भरत शर्मा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पटना में तीन घंटे चली मुठभेड़
पटना पश्चिम सिटी एसपी शरत आर एस ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी भरत शर्मा अपने साथियों के साथ शेखपुरा गांव में मौजूद है। इस सूचना के आधार पर फुलवारी डीएसपी टू दीपक कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई, जिसमें नौबतपुर और पिपलावा थाने की पुलिस के अलावा पटना एसटीएफ की विशेष टीम भी शामिल थी।
देर रात पुलिस टीम जैसे ही शेखपुरा गांव पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
- Advertisement -पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कई राउंड गोलियां चलीं।
जब अपराधियों के पास गोलियां खत्म हो गईं, तो उन्होंने सरेंडर कर दिया।
दो लाख के इनामी सहित तीन अपराधी गिरफ्तार
इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने भरत शर्मा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी, और उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।
अपराधियों से भारी मात्रा में हथियार बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन पिस्तौल और कई कारतूस बरामद किए गए। पुलिस को शक है कि इनके पास और भी हथियार हो सकते हैं, जिसके लिए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
यूपी के झांसी में भी एनकाउंटर, बीजेपी नेता के घर चोरी करने वाला बदमाश दबोचा
इधर, उत्तर प्रदेश के झांसी में भी पुलिस का एक्शन दिखा। झांसी कोतवाली थाना क्षेत्र में बीजेपी नेता सुबोध गुबरेले के घर में 20 लाख की चोरी करने वाला आरोपी आसिफ उर्फ अक्का (22) पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी को नगरिया कुआं इलाके में घेर लिया।
बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई।
पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
बदमाश के पास से चोरी के गहने और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी आसिफ उर्फ अक्का के पास से 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बीजेपी नेता के घर चोरी की घटना कबूल कर ली है।
अब एनकाउंटर का दौर?
बिहार में लगातार हो रहे एनकाउंटर से साफ है कि नीतीश सरकार भी अब योगी सरकार के मॉडल को फॉलो कर रही है। अपराधियों के खिलाफ बिहार पुलिस का सख्त रुख राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।



