दरभंगा,देशज टाइम्स: जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी ने शनिवार को मिशन शक्ति योजना के तहत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर (OSC) का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। यह निरीक्षण समाहरणालय परिसर स्थित OSC केंद्र पर सुबह 10 बजे किया गया।
प्रगति रिपोर्ट और लंबित केसों पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान DM ने फाइलों, पंजी और कार्यालय की सफाई की गहन जांच की। केंद्र प्रशासक अजमतुन निशा से उन्होंने लंबित और निष्पादित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। अप्रैल से जून 2025 तक 226 केस दर्ज हुए, जिनमें 49 मामले अभी भी लंबित हैं। DM ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का जल्द निष्पादन किया जाए।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता
सखी सेंटर महिलाओं को संकट की घड़ी में परामर्श, पुलिस और विधिक सहायता, अस्थायी आवास जैसी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराता है। DM ने कहा कि मानव तस्करी की शिकार महिलाओं को ₹10,000 की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है, इसके लिए समस्त कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए।
रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश
जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर में रिक्त पदों की बहाली प्रक्रिया तुरंत शुरू करने का आदेश भी दिया। उन्होंने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष जताया और महिलाओं की जानकारी के लिए बड़ा बोर्ड लगाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
निरीक्षण के समय जन-सम्पर्क उप निदेशक सत्येन्द्र प्रसाद, ICDS प्रोग्राम पदाधिकारी चाँदनी सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा, मिशन समन्वयक ऋषि कुमार और OSC तथा डिस्ट्रिक्ट हब फॉर वीमेन एम्पावरमेंट के सभी कर्मचारी उपस्थित थे।