
जाले (दरभंगा), देशज टाइम्स। एनडीए के आह्वान पर गुरुवार को आयोजित बिहार बंद कार्यक्रम के तहत सम्पूर्ण जाले बंद रहा। सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और भारी वाहनों, ऑटो रिक्शा व टोटो का परिचालन ठप दिखा।
बाजारों में रहा सन्नाटा
बंद के समर्थन में जाले बाजार, घोघराहा बाजार और राढ़ी बाजार के व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। हालांकि, दोपहर 12 बजे के बाद सभी दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान धीरे-धीरे खुलने लगे।
कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम
राजकीय उच्च पथ-97 के शंकर चौक और ब्रह्मपुर कदम चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। दोपहर तक कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर बंद का समर्थन करते रहे।
नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
बंद को सफल बनाने में कई राजनीतिक दलों और नेताओं की सक्रिय भागीदारी रही। भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री बिपिन पाठक, भाजपा नगर मंडल के धीरेंद्र कुमार, जदयू जोगियारा मंडल मांझी के मनोज कुमार दास, लोजपा के लक्ष्मण सिंह, भाजयुमो के कंचन प्रसाद सिंह शामिल थे।
साथ ही ब्रह्मपुर मंडल अध्यक्ष आनंद मोहन ठाकुर, महामंत्री संजीव कुमार चौधरी, विनय कुमार झा, ब्रजेश कुमार, महेश्वर ठाकुर, जयशंकर ठाकुर, मुनीन्द्र मिश्र, दिनेश शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।