मोबाइल की घंटी, किनारे पड़ा चप्पल और कपड़ा… फिर नदी से मिली लाश। दो बेटे-दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया। कुशेश्वरस्थान में दर्दनाक हादसा! नदी में डूबकर युवक की मौत। कोशी नदी बनी काल! लापता होने के एक दिन बाद मिला उमेश मुखिया का शव। सोमवार शाम से लापता उमेश मुखिया का आज मिला शव। फसल देखने गए ग्रामीणों ने देखी खौफनाक तस्वीर, नदी किनारे पड़ा था मोबाइल और कपड़े। पुलिस ने बरामद किया शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा DMCH@कुशेश्वरस्थान पूर्वी, देशज टाइम्स।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी, देशज टाइम्स। प्रखंड क्षेत्र के उसरी पंचायत के उसरी गांव निवासी गांगो मुखिया के 45 वर्षीय पुत्र उमेश मुखिया का शव मंगलवार की सुबह कोशी नदी से बरामद किया गया। मृतक सोमवार की शाम से ही घर से लापता था।
परिजनों ने इस बीच गांव सहित आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उमेश का कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह गांव के ही ग्रामीण बनारसी मुखिया तथा प्रमोद सदा नदी किनारे फसल देखने गए, तो उन्होंने देखा कि नदी किनारे मृतक का मोबाइल फोन बज रहा था और वहां उसकी चप्पल व कपड़ा भी रखा था। उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी परिजनों को दी।
परिजन नदी में खोजबीन करने लगे तो कुछ दूरी पर उमेश का शव पानी में डूबा मिला। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, जैसे ही पुलिस प्रशासन को घटना की जानकारी मिली, प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्री छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि देर शाम शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।