केवटी, दरभंगा | स्थानीय थाना क्षेत्र के पराडीह गांव स्थित दुर्गा मंदिर चौक के पास मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरगद के पेड़ से लटका मिला।
मृतक की पहचान राम प्रकाश यादव उर्फ चौसठ (50 वर्ष), पिता स्व. महेश्वर यादव, निवासी पराडीह, के रूप में हुई है। वह पेशे से मैजिक चालक थे।
गले में गमछे का फंदा
शव के गले में गमछे का फंदा लगा पाया गया।
मृतक की बाइक पास में खड़ी थी।
शव को देखकर आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सदन राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु डीएमसीएच भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना से जुड़े हालात
मृतक सोमवार दिन में पास के इटहरवा गांव में पंचायती में गए थे।
शाम को वे घर लौटे और रात में दुर्गा पूजा के आरकेस्ट्रा देखने के लिए बाइक से निकले थे।
सुबह उनका शव मंदिर के पास बरगद से लटका पाया गया।
पारिवारिक कलह से जुड़ी आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार में अक्सर कलह का माहौल रहता था।
इसी कारण वे बीते 10 वर्षों से अक्सर गांव के चौक स्थित मंदिर पर ही रात बिताते थे।
मृतक के परिवार में पत्नी फूलो देवी, दो पुत्र, दो पुत्रवधु, एक अविवाहित पुत्री शामिल हैं।