बिहार न्यूज़: नई सरकार के गठन के बाद बिहार के प्रशासनिक गलियारों में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है। रविवार को अचानक एक अधिसूचना जारी हुई और कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले से पूरे प्रशासनिक महकमे में गहमा-गहमी बढ़ गई। आखिर क्या है इन बदलावों के पीछे का मकसद और किन अधिकारियों को मिली कौन सी अहम कमान?
बिहार में नई सरकार के सत्ता में आते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलावों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में रविवार (30 नवंबर) को राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस फेरबदल को नई सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजस्व एवं भूमि सुधार की कमान सीके अनिल के हाथ
1991 बैच के अनुभवी आईएएस अधिकारी सीके अनिल को बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी पद से हटाकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। सीके अनिल को इस विभाग में कुशल और अनुभवी अधिकारी के तौर पर जाना जाता है, यही वजह है कि नई सरकार ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
दीपक कुमार सिंह बने मुख्य जांच आयुक्त
प्रशासनिक तंत्र की रीढ़ माने जाने वाले सामान्य प्रशासन विभाग में भी बड़ा बदलाव किया गया है। 1992 बैच के अधिकारी दीपक कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग का महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले, वे ग्रामीण कार्य विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी यह नई भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मिहिर कुमार सिंह राज्य के नए विकास आयुक्त
राज्य की विकास योजनाओं की निगरानी और प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पद ‘विकास आयुक्त’ की जिम्मेदारी अब 1993 बैच के वरिष्ठ अधिकारी मिहिर कुमार सिंह को दी गई है। उन्हें उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव और परिवहन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर यह नई नियुक्ति प्रदान की गई है।
अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां और अतिरिक्त प्रभार
- नई दिल्ली स्थित बिहार भवन के स्थानीय आयुक्त कुंदन कुमार को उद्योग विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वे नई दिल्ली में रहते हुए भी कई महत्वपूर्ण अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, जिन्हें आगे भी जारी रखा जाएगा।
- 2008 बैच के अधिकारी और लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी के अतिरिक्त प्रभार में कटौती की गई है। उन्हें उद्योग विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
- 2007 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वाणिज्य कर विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को गृह विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार प्रदान किया गया है।
प्रमंडलीय आयुक्तों के फेरबदल
इस तबादला सूची में प्रमंडलीय आयुक्तों के पदों पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:
- दरभंगा के प्रमंडलीय आयुक्त कौशल किशोर को तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- वहीं, तिरहुत प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त राज कुमार को परिवहन विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इन सभी प्रशासनिक बदलावों को नई सरकार की प्राथमिकताओं और प्रशासनिक कार्यकुशलता को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया एक अहम कदम माना जा रहा है। इन नियुक्तियों और तबादलों से राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।








