
दरभंगा न्यूज: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर एक महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। महिला की चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने दौड़कर उसकी जान बचाई, जिसके बाद अब पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसकर की दरिंदगी
घटना 5 दिसंबर की दोपहर की बताई जा रही है। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि गांव के ही पांच लोग अचानक उसके घर में घुस आए। बिना किसी उकसावे के उन्होंने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद आरोपियों ने महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। अपनी इज्जत बचाने के लिए महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों को आता देख, आरोपी वहां से फरार हो गए, जिससे महिला की इज्जत बच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी
इस घटना को लेकर पीड़िता ने बहादुरपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के छिपलिया गांव निवासी महादेव महतो, उत्तिम लाल महतो सहित कुल पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली है।
बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम घटना के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है।




