

Madhubani News: मधुबनी की धरती पर मंगलवार को विकास की ऐसी गंगा बही कि जिले की तकदीर और तस्वीर दोनों बदलने को तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान सौगातों का पिटारा लेकर पहुंचे और एक झटके में 391 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर दिया।
Madhubani News: सीएम ने किया मिथिला हाट फेज-II का निरीक्षण
अपनी यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम में बने मिथिला हाट के दूसरे चरण (रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान घोषित की गई विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
अधिकारियों ने सीएम को बताया कि मिथिला हाट के विस्तार और सौंदर्गीकरण के साथ-साथ मधुबनी में अंतर्राज्यीय बस अड्डे, जयनगर शहीद चौक पर आरओबी और शहर के लिए रिंग रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इन सभी विकास योजनाएं के पूरा होने से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1।
औद्योगिक विकास और पर्यटन को लगेंगे पंख
मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले में औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं भी खुली हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के पास लौकही प्रखंड के बनगामा गांव में करीब 450 एकड़ भूमि पर एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा, झंझारपुर अंचल के लोहना में लगभग 250 एकड़ जमीन पर एक औद्योगिक केंद्र की स्थापना का कार्य भी शुरू हो गया है। साथ ही, माता सीता और प्रभु श्रीराम के प्रथम मिलन स्थल ‘फुलहर स्थान’ को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जीविका दीदियों की हुई बल्ले-बल्ले, पोखर का भी होगा कायाकल्प
सीएम नीतीश कुमार ने अररिया संग्राम में नवनिर्मित ‘जीविका भवन’ का फीता काटकर उद्घाटन किया और इसकी चाबी जीविका दीदियों को सौंपी। इस मौके पर उन्होंने 26,312 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के जरिये 301 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
साथ ही, सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 507 लाभार्थियों को 2.53 करोड़ रुपये का चेक भी दिया गया। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दुर्गा मंदिर के पास स्थित पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया और उसमें मछली का जीरा छोड़ा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोखर के चारों तरफ सीढ़ीनुमा घाट का निर्माण कराया जाए ताकि छठ पूजा जैसे अवसरों पर लोगों को सुविधा हो।
लाभार्थियों के बीच बांटे गए चेक और सौगातें
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया। इनमें शामिल हैं:
- दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की चाबी
- मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना और नारी शक्ति योजना के चेक
- बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और आयुष्मान कार्ड का वितरण
- मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना के तहत वाहन की चाबी
कुल मिलाकर मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 391 करोड़ रुपये की 395 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसमें 93 करोड़ की 294 योजनाओं का उद्घाटन और 298 करोड़ की 101 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद संजय कुमार झा सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।


You must be logged in to post a comment.