

PACS Election Result: चुनावी बिसात पर किसी को मिली मात तो किसी के सिर सजा जीत का ताज, देर रात तक चली वोटों की गिनती के बाद जाले प्रखंड के पैक्स चुनाव के नतीजे आ गए हैं। प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन के सभागार में सात फरवरी को कड़ी प्रशासनिक सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई, जो देर रात तक चलती रही।
Jale PACS Election Result: मांझी राय और भोगेंद्र महतो ने दर्ज की दूसरी बार जीत
सबसे पहले कतरौल-बसंत पंचायत के नतीजे सामने आए। निर्वाचन अधिकारी सह प्रभारी बीडीओ मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कतरौल-बसंत पैक्स अध्यक्ष पद पर मांझी राय ने लगातार दूसरी बार अपनी जीत दर्ज की है।
उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी फिरंगी यादव को 15 मतों के अंतर से पराजित किया। इस चुनाव में मांझी राय को 247 वोट मिले, जबकि फिरंगी यादव को 232 मतों से ही संतोष करना पड़ा। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1। वहीं, राढ़ी पूर्वी पैक्स अध्यक्ष पद पर भी भोगेंद्र महतो ने अपना कब्जा बरकरार रखा। उन्होंने 204 मतों के विशाल अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सौखी सहनी को हराया। भोगेंद्र महतो को 320, सौखी सहनी को 116 और राहुल कुमार को 53 मत प्राप्त हुए, जबकि 40 मतों को अमान्य घोषित कर दिया गया।
मुरैठा पैक्स अध्यक्ष पद पर रामबाबू ठाकुर ने 97 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने पूर्व पैक्स अध्यक्ष रतीश चंद्र मिश्र को हराया। रामबाबू ठाकुर को 401 वोट मिले, जबकि रतीश चंद्र मिश्र 304 वोट ही हासिल कर सके। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
पांच वोटों के करीबी मुकाबले में राम हृदय यादव विजयी
करवा-तरियानी पैक्स का मुकाबला सबसे रोमांचक रहा, जहां अध्यक्ष पद पर राम हृदय यादव पुनः निर्वाचित हुए। यहां जीत का अंतर मात्र पांच वोटों का रहा। इस कांटे की टक्कर वाली मतगणना में राम हृदय यादव को 287 तथा उनके प्रतिद्वंद्वी सत्यनारायण सिंह को 282 मत प्राप्त हुए।
राढ़ी पश्चिमी पैक्स अध्यक्ष पद पर मनीष कुमार ने 292 मत प्राप्त कर जीत का परचम लहराया। उन्होंने पूर्व पैक्स अध्यक्ष शंभू साह को 28 मतों से हराया। शंभू साह को 264 मत मिले और 15 मत अमान्य करार दिए गए। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1।
दो पंचायतों में निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जाले प्रखंड की दो पंचायतों, कमतौल तथा देउरा-बंधौली में पैक्स अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ है। इन सभी निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्षों एवं सदस्यों को नौ फरवरी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।





You must be logged in to post a comment.