
बांका में विकास की गंगा बहाएंगे: ₹708 करोड़ की 497 योजनाओं का CM नीतीश ने किया शिलान्यास, 50 लाख युवाओं को नौकरी का दावा
समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बांका जिले के कटोरिया प्रखंड के तेलंगावा पहुंचे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गईं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
बांका में विकास की गंगा बहाएंगे
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर तेलंगावा स्थित डिग्री कॉलेज मैदान के पीछे बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। यहां स्थानीय विधायक पूरनलाल टुडू, धोरैया विधायक मनीष कुमार, अमरपुर विधायक जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला और पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में महिला और पुरुष मौजूद थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका समूहों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका दीदियों से बातचीत की और उनके कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है और जीविका समूहों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
स्वास्थ्य और शिक्षा को नई मजबूती
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कटोरिया में 5.45 करोड़ रुपये की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। साथ ही 12.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डिग्री कॉलेज का शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पूरे बांका जिले के लिए 708.42 करोड़ रुपये की लागत वाली 497 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया। इन योजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से जिले के विकास को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सभा स्थल पर पहुंचे और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
बिहार में विकास के नए अध्याय
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से की। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार बिहार में लगातार विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के अलग होने के बाद जब लोग वहां जाते थे तो बदलता हुआ झारखंड देखते थे, लेकिन अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में भी तेजी से विकास दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि हल्दिया-रक्सौल एक्सप्रेस-वे बनने के बाद बिहार से कोलकाता की दूरी काफी कम हो जाएगी और लोग 5 से 6 घंटे में कोलकाता पहुंच सकेंगे। इसके अलावा गंगा का पानी हनुमाना डैम तक पहुंचाने की योजना पर भी काम शुरू हो गया है और मार्च 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोले जाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि जो मजदूर पहले रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते थे, उन्हें अब बिहार में ही रोजगार देने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले बिहार का बजट करीब 23 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये हो गया है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का N0.1।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
कानून का राज और विकास की गति
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में जंगलराज की स्थिति थी। उस समय विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने कहा कि जब से एनडीए की सरकार बनी है, तब से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और विकास की गति तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, जबकि आज पूरे राज्य में शांति और कानून व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि पहले शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति भी बहुत खराब थी, लेकिन अब सरकार इन क्षेत्रों में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में बिजली की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन आज राज्य के गांव-गांव तक बिजली पहुंच चुकी है। हमारी सरकार आज मुक्त 125 मिनट बिजली दे रही है। साथ-साथ सोलर ऊर्जा को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना के तहत घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं और इसके लिए लोगों को कोई खर्च नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया है। आने वाले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि जीविका दीदियों को स्वरोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि उनके खातों में भेजी गई है और आगे भी उन्हें आर्थिक सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। मंदिरों और मस्जिदों की घेराबंदी कराई गई है ताकि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य बिहार में शांति, विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ाना है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वर्ष 2030 तक बिहार को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है। हमारी सरकार ने लड़कियों और लड़कों को पढ़ने के लिए साइकिल पोशाक आदि व्यवस्था करवाई है।



