बैंक अकाउंट फ्रॉड: बिहार की राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय लड़के ने अपनी मां के बैंक खाते से 33 लाख रुपये सीधे पड़ोसी के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। इस हैरतअंगेज धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब परिवार को खाते से बड़ी रकम गायब होने का पता चला।
पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में हुए इस मामले ने सबको चौंका दिया है। एक निजी स्कूल में शिक्षिका और उनके रिटायर्ड प्रिंसिपल पति के होश तब उड़ गए जब उन्हें पता चला कि उनके बैंक अकाउंट फ्रॉड का शिकार हो चुका है। पीड़िता के अनुसार, उनके 17 वर्षीय बेटे ने चुपचाप उनके बैंक खाते से करीब 33 लाख रुपये निकाल कर पड़ोसी के अकाउंट में डाल दिए। आरोप है कि इस रकम से पड़ोसी ने कार, स्कूटी और सोने-चांदी के गहने खरीद लिए। इस मामले में शिक्षिका ने अपने पड़ोसी, उसके भाई और बेटे के खिलाफ राजीव नगर थाने में FIR दर्ज कराई है, और पुलिस जांच में जुटी है।
कैसे हुआ 33 लाख का बैंक अकाउंट फ्रॉड?
शिक्षिका के बैंक खाते में उनके पति की रिटायरमेंट के बाद मिली मोटी रकम जमा थी। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका अपना ही नाबालिग बेटा उनके पैसों पर हाथ साफ कर देगा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूल से लौटने के बाद उनका बेटा अक्सर उनका मोबाइल फोन ले लिया करता था। इसी दौरान उसने अपनी मां के मोबाइल से इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर पैसों को पड़ोसी के खाते में ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
रिटायरमेंट के पैसों पर नाबालिग बेटे का खेल
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब शिक्षिका का बड़ा बेटा एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर घर लौटा। उसने अपनी मां के मोबाइल फोन में बैंक ट्रांजेक्शन देखे और खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने की जानकारी दी। यह सुनकर परिवार के लोग सन्न रह गए। शिक्षिका ने तत्काल बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया, जिसमें साफ तौर पर लाखों रुपये पड़ोसी के खाते में ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई।
पड़ोसी ने उड़ाई मौज, खरीदी कार-गहने
परिजनों का आरोप है कि ट्रांसफर की गई 33 लाख रुपये की रकम से पड़ोसी ने एक नई कार, एक स्कूटी और कई गहनों की खरीदारी कर ली। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने मामले में नाबालिग बेटे का बयान भी दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान उसने सिर्फ इतना कहा कि “मुझसे गलती हो गई।” राजीव नगर थाना पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन और पैसों के इस्तेमाल की गहन जांच कर रही है। साथ ही, आरोपी पड़ोसियों की भूमिका की भी पड़ताल जारी है। देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।







