बांका रिश्वत न्यूज़: जिले के रजौन स्थित विद्युत कार्यालय में विजिलेंस की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। बिजली विभाग के SDO विजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से पूरे बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
कैसे मांगी गई रिश्वत? मनोज यादव की शिकायत और विजिलेंस की जांच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धोरैया थाना क्षेत्र निवासी मनोज यादव के घर में घरेलू बिजली कनेक्शन था और वहीं से एक छोटी किराना दुकान भी संचालित होती थी। आरोप है कि बिजली जांच के दौरान SDO विजेंद्र कुमार ने दुकान में बिजली उपयोग को लेकर कमर्शियल कनेक्शन लेने की बात कही।
इसके साथ ही, उन्होंने कार्रवाई नहीं करने के एवज में मनोज यादव से दो लाख रुपये की मांग की। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 30 हजार रुपये पर तय हुई। SDO की इस अनुचित मांग से परेशान मनोज यादव ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विभाग ने ट्रैप टीम का गठन कर कार्रवाई की योजना बनाई।
20 हजार लेते रंगे हाथ दबोचा गया SDO
सोमवार की शाम करीब 4:30 बजे मनोज यादव तय योजना के तहत रजौन विद्युत कार्यालय पहुंचे। जैसे ही उन्होंने SDO विजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद विजिलेंस अधिकारियों ने तत्काल छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही रिश्वत की राशि बरामद की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
बताया जाता है कि यह कार्रवाई विजिलेंस विभाग के DSP सत्येंद्र राम के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद टीम ने कार्यालय में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और आरोपी अधिकारी से पूछताछ भी की। इसके बाद उन्हें पटना लेकर रवाना हो गए, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
देश की हर बड़ी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप पढ़ रहे हैं देशज टाइम्स बिहार का No.1।
इस घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच भी मामले को लेकर चर्चा का माहौल है। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







