Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर इलाके का है, जहां एक गैराज मालिक की हत्या कर दी गई है। शनिवार देर शाम गैराज मालिक अंजनी नंदन पर उस समय जानलेवा हमला किया गया, जब वह अपना गैराज बंद कर घर लौट रहे थे। घात लगाकर बैठे बाइक सवार अपराधियों ने उन पर चार गोलियां चलाईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अंजनी नंदन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।

पटना में गैराज मालिक की बेरहमी से हत्या
यह घटना शनिवार शाम को हुई, जब अंजनी नंदन अपने ‘नंदन ऑटोमोबाइल गैराज’ से घर लौट रहे थे। भूपतिपुर में सुनसान जगह पर अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से अंजनी नंदन वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अगले दिन उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
अपराधियों को श्याम रजक की दो टूक चेतावनी
गैराज मालिक की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक श्याम रजक ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिहार में कानून का राज कायम है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। विधायक रजक ने कहा कि यह घटना चिंता का विषय है और पुलिस को अब इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
अपराधियों का अब एक ही इलाज है। या तो वे बिहार छोड़कर भागें या सरकार उन पर कठोर कार्रवाई करे। अपराधी अब या तो राज्य छोड़ेंगे या जेल जाएंगे।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर जरूरत पड़ी तो सरकार कई और बिंदुओं पर कार्रवाई के बारे में सोचेगी ताकि अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
एनडीए की एकजुटता और बाढ़ पर भी बोले विधायक
विधायक श्याम रजक ने हत्या के मामले पर बयान देने के साथ ही अन्य राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा विधान परिषद चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नाम तय किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पूरी तरह से एकजुट है और सभी सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीतेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टियों के बीच कोई मतभेद नहीं है और भाजपा जल्द ही अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा करेगी। रजक ने विश्वास जताया कि सभी उम्मीदवार मजबूत हैं और एनडीए चुनाव जीतने जा रहा है।
बिहार में एक बार फिर बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी होने के मामले पर भी विधायक ने सरकार की तैयारियों पर बात की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह से तैयार हैं। पिछले बाढ़ के दौरान भी लोगों को सहायता प्रदान की गई थी और इस बार भी अगर स्थिति बिगड़ती है तो सरकार हर स्तर पर मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिलहाल, अंजनी नंदन हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है और परिजनों को न्याय का इंतजार है। विधायक श्याम रजक के बयान के बाद पुलिस पर अपराधियों को जल्द पकड़ने का दबाव बढ़ गया है।

