Nepal bridge collapse: पड़ोसी देश नेपाल में कालीगंडकी नदी के विकराल रूप ने भारी तबाही मचाई है। स्यांगजा के मिर्मी और गुल्मी के हर्मिचौर को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण पुल नदी के तेज बहाव में बह गया है। इस घटना के बाद दोनों क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नेपाल विद्युत प्राधिकरण के कालीगंडकी ‘ए’ जलविद्युत केंद्र में कार्यरत विष्णु प्रसाद न्यौपाने ने बताया कि काली गंडकी ‘ए’ जलविद्युत परियोजना के डैम साइट पर पानी का बहाव अचानक बढ़ गया था। डैम साइट पर पानी का स्तर बढ़ने के बाद पुल बाढ़ की चपेट में आ गया और देखते ही देखते बह गया। यह पुल मिर्मी डैम साइट से ठीक नीचे स्थित था।

नेपाल के पर्वत जिले के जलजला में कालीगंडकी नदी की बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के कारण करीब दो दर्जन घर बह जाने की जानकारी सामने आई है।
कालीगंडकी नदी में भीषण बाढ़, पर्वत के जलजला में करीब दो दर्जन घर बहे
कालीगंडकी नदी में बाढ़ का बहाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं किबया जा सका है। बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। इसी वजह से फिलहाल नुकसान का पूरा विवरण सामने नहीं आ पाया है।
कालीगंडकी नदी में अब तक का सबसे बड़ा बाढ़ का बहाव देखा गया है। जलजला क्षेत्र में बाढ़ से कुछ घरों के बहने की सूचना मिली है और प्रहरी की टीम को बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेज दिया गया है।
तेज बहाव में बहा बेली ब्रिज, चार पहिया वाहनों का आवागमन ठप
गुल्मी के पुलिस प्रमुख एसपी भीम किरण बोगटी ने भी इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक बेली ब्रिज था, जिसका उपयोग चार पहिया वाहनों के आवागमन के लिए किया जाता था। रविवार सुबह करीब 6 बजे नदी के तेज बहाव में पुल पूरी तरह से बह गया। पुल के बह जाने से मिर्मी और हर्मिचौर के बीच यातायात और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
हजारों लोगों की दिनचर्या पर सीधा असर
इस पुल के बह जाने से हजारों लोगों की दिनचर्या पर सीधा असर पड़ा है। स्थानीय निवासियों को अब लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, या फिर उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक और असुरक्षित रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। आपातकालीन सेवाओं और व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। प्रशासन अब जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था बहाल करने की कोशिश में जुटा हुआ है।


You must be logged in to post a comment.