Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने चार युवा टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की जान ले ली। लखनऊ से क्रिकेट मैच खेलकर अपने घर देवरिया लौट रहे इन होनहार खिलाड़ियों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। दो खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
यह हृदयविदारक घटना पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 97.500 के पास हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और वाहन चालकों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया गया।
नींद के कारण हुआ हादसा, 4 खिलाड़ियों की मौत
हादसे के बाद घायल हुए खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि वे नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी, अनिकेत, आनंद यादव और राजू के साथ लखनऊ से क्रिकेट खेलकर देवरिया लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि कार में बैठे सभी को नींद आ रही थी और उन्हें याद नहीं कि यह भीषण हादसा कब और कैसे हुआ। पुलिस ने जब कार से सभी को बाहर निकाला तो नित्या प्रजापति, इरफान अंसारी और अनिकेत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गंभीर रूप से घायल आनंद यादव, राजू और जयंतो शर्मा को तत्काल कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान आनंद यादव ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। राजू और जयंतो का इलाज अभी जारी है।
देवरिया में शोक की लहर, परिवारों में मातम
इस हादसे में देवरिया के तीन होनहार टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत से उनके गांवों में गहरा मातम पसर गया है। नित्या प्रजापति मईल थाना क्षेत्र के बगहा गांव के निवासी थे, इरफान अंसारी उर्फ राज बलिया दक्षिण गांव के रहने वाले थे, जबकि अनिकेत सिंह लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के निवासी थे। सभी खिलाड़ी बीकेजी क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने लखनऊ गए थे और मंगलवार रात को ही वहां से देवरिया के लिए निकले थे।
नित्या प्रजापति के पिता मनोज प्रजापति समेत अन्य मृतकों के परिजन सूचना मिलते ही सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण व युवा क्रिकेटर तीनों के घरों पर जमा होकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
नित्या प्रजापति की शादी दो साल पहले ही हुई थी और उनकी पत्नी कृति गर्भवती हैं। मां बिंदु और भाई निखिल का रो-रोकर बुरा हाल है। नित्या के पिता हलवाई का काम करते हैं। वहीं, इरफान अंसारी के पिता दुबई में रहते हैं और उनका भाई एक शोरूम पर नौकरी करता है। इस हादसे ने कई परिवारों को जीवनभर का दर्द दे दिया है।








You must be logged in to post a comment.