Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बिहार के आरा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है. भाजपा सांसद ठाकुर ने दोनों नेताओं को ‘परिवारवाद के नाकाम शहजादे’ बताते हुए उन पर महिला विरोधी और लोकतंत्र विरोधी होने का आरोप लगाया. शनिवार को आरा पहुंचे ठाकुर ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और जनता के बीच भय व भ्रम फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया.

उन्होंने राजद पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि बिहार को 15 साल तक ‘जंगलराज’ देने वाले लोग आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं. ठाकुर ने स्पष्ट किया कि विपक्ष जनता का विश्वास खो चुका है, इसलिए वे झूठ, भय और भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक असफलता छिपाने का प्रयास कर रहे हैं.
राहुल-तेजस्वी को बताया ‘नाकाम शहजादे’
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखे तंज कसे. उन्होंने कहा, ‘ये परिवारवाद की दूसरी पीढ़ी के नाकाम शहजादे हैं.’ ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके साथी देश तथा दुनिया में भय और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जो लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश है. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी देश में महिलाओं को उनके अधिकार देने के मुद्दे पर भी विरोध करते हैं.
‘राहुल-तेजस्वी परिवारवाद के नाकाम शहजादे हैं’, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आरा में विपक्ष पर साधा निशाना.
कांग्रेस पर लगाए आपातकाल और ‘वोट चोरी’ के आरोप
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी, आज वही पार्टी ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रही है. ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का जिक्र करते हुए चुनाव से जुड़े पुराने विवादों और आरोपों का हवाला दिया. उन्होंने विपक्षी नेताओं पर अपनी राजनीतिक असफलता छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया.
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान
अनुराग ठाकुर ने बताया कि बिहार में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जनता और युवाओं को जागरूक करना है. ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आज की युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौर और जयप्रकाश नारायण के संघर्ष के बारे में जानकारी होने की आवश्यकता पर जोर दिया.
बिहार की ऐतिहासिक विरासत का किया जिक्र
आरा की सभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और राजनीतिक विरासत का भी स्मरण किया. उन्होंने कहा कि यह वह धरती है जिसने राजा जनक, चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे महान शासकों को जन्म दिया. उन्होंने 1857 की क्रांति का उल्लेख करते हुए कहा कि 80 वर्षीय बाबू वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजी शासन को चुनौती दी थी. वहीं, 1975 में आपातकाल के दौरान 72 वर्षीय जयप्रकाश नारायण ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाई और देश के करोड़ों युवाओं को एकजुट किया था. ठाकुर ने जयप्रकाश नारायण के तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार की तानाशाही मानसिकता के खिलाफ छेड़े गए आंदोलन का भी जिक्र किया, जिसका लक्ष्य देश में लोकतंत्र की बहाली था.
भाजपा सांसद ने विश्वास जताया कि जब भी देश पर संकट आया है, बिहार के वीरों ने आगे बढ़कर योगदान दिया है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और देशहित की रक्षा के लिए बिहार की जनता एक बार फिर अपनी अहम भूमिका निभाएगी.


