

छपरा। सारण जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के सगड्डी बाजार के समीप बुधवार को पुलिस ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव बरामद किया। इस व्यक्ति की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए बोरा में बंद कर सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया गया था। शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो चुका है और डीकंपोज होने के कारण पोस्टमार्टम करना संभव नहीं है।
डेड बॉडी का डीएनए टेस्ट कराने की पुलिस तैयारी कर रही है। उसकी पहचान भी नहीं हुई है, जिसके कारण हत्या के कारण और हत्यारों के बारे में भी पता नहीं चला है। यह घटना पूरी तरह पुलिस के लिए अबूझ पहेली बनी हुई है।
बुधवार को दोपहर के समय शव बरामद होने के बाद से सगड्डी बाजार तथा आस-पास के इलाके में सनसनी फैल गई है और इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा की जा रही है। पुलिस भी इस घटना को लेकर असमंजस में है। सगड्डी बाजार के समीप एक पुलिया के बगल में सड़क किनारे गड्ढे में जमा पानी में बोरे में बंद शव बरामद किया गया।
आस-पास के लोगों को शव के सड़ने के बाद उसकी बदबू से परेशानी होने लगी तो लोग बदबू के कारण पता लगाने लगे। इसी बीच बच्चों ने बोरे में शव फेंके जाने की बात कही। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा, लेकिन शव पूरी तरह क्षत-विक्षत व डीकंपोज होने के कारण पोस्टमार्टम कराने लायक नहीं रह गया था। पुलिस अब उसका डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है।
पुलिस को आशा है कि डीएनए टेस्ट के बाद ही हत्या के कारण और हत्यारों तथा मृतक के बारे में पता चल सकेगा। वैसे हाल के दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से लापता हुए लोगों के परिजनों को इसकी सूचना दी गई है और उन्हें बुलाकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।


