

पटना, देशज न्यूज। आरसीपी सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं। पटना में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के अंतिम दिन यह फैसला किया गया। आरसीपी सिंह के जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही उनके समर्थकों में खासा उत्साह दिख रहा है। पार्टी के दफ्तर के बाहर लगातार लोग उनके पक्ष में नारेबाजी कर रहे हैं।उन्हें बधाई दे रहे हैं। सीएम व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने सहयोगी और राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया जिसे सर्वसम्मति से तमाम सदस्यों ने समर्थन दिया।
जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार ने बैठक में कहा, एक व्यक्ति का मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष रहना सही बात नहीं है. नीतीश ने कहा कि मैं बिहार का सीएम तो हूं ही और जो भी अध्यक्ष होगा साथ में रहेंगे. उन्होंने कहा कि आरसीपी सिंह की अगुवाई में पार्टी और आगे बढ़ेगी. नीतीश कुमार ने कहा कि मैं तो मुख्यमंत्री भी नहीं बनना चाहता था लेकिन लोगों ने कहा तो मैंने यह पदभार संभाल लिया।
आरसीपी सिंह का पूरा नाम रामचंद्र प्रसाद सिंह है। वे बिहार से जेडीयू कोटे से राज्यसभा सांसद हैं। नीतीश के जिले नालंदा के रहने वाले आरसीपी सिंह पहले यूपी कैडर में आईएएस अफसर थे और नीतीश सरकार में प्रिंसिपल सेक्रेटरी रह चुके हैं। 62 वर्षीय आरसीपी सिंह वे अवधिया कुर्मी जाति से आते हैं। नीतीश के जिले नालंदा के मुस्तफापुर के रहने वाले हैं. सिविल सर्विस के दौरान आरसीपी सिंह यूपी सरकार में काफी अहम विभागों में काम कर चुके हैं। उन्हें नीतीश का खास माना जाता है। बिहार में नीतीश सरकार के साथ वे पहले प्रिंसिपल सेक्रेटरी के रूप में जुड़े, फिर सियासत में आए और अब जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं।



