

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर सारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 42 अभियुक्तों को पुलिस ने (liquor recovered from government school) गिरफ्तार किया है।
एसपी संतोष कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सामाजिक तत्वों व अपराधियों की गिरफ्तारी तथा शराब के सेवन और बिक्री पर पूर्णरुप से पाबंदी लगाने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है।
छपरा से मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत पिछले 24 घंटे के अंदर 42 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष अभियान के तहत परसा थाना क्षेत्र में सरकारी विद्यालय कैंपस से 217 कार्टन अंग्रेजी शराब जप्त किया गया है। वहीं इस मामले में परसा थाना क्षेत्र के बहरमाडर निवासी विजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार व्यक्ति बहरमाडर कन्या प्राथमिक विद्यालय के प्रिंसिपल वसुंधरा सिंह के पति है। शराब के कारोबार में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। विशेष अभियान के दौरान मशरक थाने की पुलिस ने 8000 लीटर देसी स्प्रिट के साथ छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है तथा एक ट्रक को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने चार मोटरसाइकिल 6 मोबाइल तथा 7100 नगद रुपए भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि रिविलगंज थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चोरी की बुलेट के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में खैरवार मठिया निवासी पवन कुमार तथा इनई निवासी अमर कुमार शामिल है। दोनों के पास से चोरी की बुलेट जब्त की गई है। इसके साथ ही दो अन्य बाइक भी पुलिस ने जब्त किया है।


