भागलपुर। बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री सह सूचना एवं जन- सम्पर्क विभाग के मंत्री संजय कुमार झा बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लेने गुरुवार को भागलपुर पहुंचे।
इस दौरान मंत्री संजय झा ने नवगछिया इलाके में जहान्वी चौक से इस्माईलपुर तक निर्माणाधीन तटबंध का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने जहान्वी चौक से गंगा प्रसाद जमींदारी बांध, लक्ष्मीपुर से गंगा प्रसाद जमींदारी बांध, बिंदटोली तटबंध सहित अन्य कई बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि 2005 से ही इस्माइलपुर से बिंद टोली तक तटबंध के निर्माण और मरम्मती में अरबों रुपए की राशि अब तक खर्च हो चुकी है। बावजूद इसके इस बार यह बांध टूट गया है।
अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए
बांध के टूटने के बाद बाढ़ ने क्षेत्र में काफी ज्यादा तबाही मचाई है। गंगा और कोसी नदी के जल प्रलय से इस बार न सिर्फ नवगछिया बल्कि भागलपुर की शहरी आबादी और इससे सटे सबौर इलाके में भी चारों ओर तबाही का मंजर है। यही नहीं भागलपुर-कहलगांव की एनएच 80 सड़क को भी बाढ़ ने काफी नुकसान पहुंचाया है।
मंत्री संजय झा ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण
करने के उपरांत भागलपुर परिसदन में पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गंगा से हुए कटाव और उसके बचाव के लिए किये गये कार्यों के बारे में अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली है।
इसके पश्चात जल संसाधन मंत्री संजय झा ने इंजीनियरिंग कॉलेज, डीपीएस और कृषि महाविद्यालय सहित अन्य बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का भी जायजा लिया। बैठक के दौरान मंत्री संजय झा ने विभाग के अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं।