मधुबनी वार्ड ग्यारह से एक बड़ी खबर आ रही है। मामला, अररिया के कुर्साकांटा प्रखंड अंतर्गत कुआडी ओपी क्षेत्र अंतर्गत मधुबनी वार्ड 11 से जुड़ा है। यहां,शुक्रवार की देर रात मंदिर में सोए बीस वर्षीय युवक मधुबनी वार्ड 11 निवासी भक्ति प्रसाद सिंह के पुत्र जीतेंद्र कुमार सिंह की गला रेतकर हत्या कर दी गई है।
परिजनों के मुताबिक जीतेंद्र पटना में रहकर एमसीए की पढ़ाई करता था। कुछ माह पूर्व ही घर आया था। कलश स्थापना के दिन से वह गांव के ही नव दुर्गा मंदिर में रात में सोता था।
पुलिस परिजनों की शिकायत और शक के आधार पर गांव के ही युवक राम इकबाल सिंह, उनकी मां रूपा देवी और पिता जगदीश सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार की रात सोई अवस्था में ही उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गयी। इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। इससे पूर्व परिजन आनन-फानन में जीतेंद्र को कुर्साकांटा पीएचसी लाए।
यहां से उसे अररिया रेफर कर दिया गया लेकिन अररिया के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर सूचना पर पहुंची कुआडी ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया।
जीतेंद्र का चाचा धनजीत सिंह कुर्साकांटा का प्रमुख रह चुका है। फिलहाल वह इस बार लेलोखर पंचायत से मुखिया प्रत्याशी था।
घटना के समय राम इकबाल जीतेंद्र के साथ मंदिर में सोया हुआ था। इकबाल ने ही घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी थी। कुआडी ओपी अध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत और शक के आधार पर माता-पिता और बेटे को हिरासत में लिया है।
हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की संजीदगी से जांच कर रही है। जल्द ही न केवल हत्या के कारणों का खुलासा होगा बल्कि असली कातिल भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।