Bihar Weather Update: बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में ठंड बढ़ने लगा है । दिन भर चलने वाली पछुआ पवन से हवा में नमी का भी एहसास होने लगा है। हालांकि दिन में धूप निकलने की वजह से ठंड़ से थाड़ी राहत मिल रही है।
बिहार में अगले तीन से 5 दिन में पारे के और नीचे जाने की आशंका है। पटना और गया समेत कुछ जिलों का हाल तो ऐसा है कि वहां न्यूनतम तापमान दहाई के नीचे ही अंगड़ाई ले रहा है। अगले कुछ दिनों में खासतौर पर रात के तापमान में 2-3 डिग्री तक की कमी की संभावना है।
पछुआ की गति में तेजी आने से पटना सहित पूरे बिहार के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी का न्यूनतम तापमान रविवार को छह डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। शनिवार को 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, जो रविवार को गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
वहीं, अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान गया रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक पछुआ हवा चलती रहेगी। राज्य के कई इलाको में कोहरा एवं धुंध का भी प्रभाव रहा। खासकर उत्तरी बिहार के कई जिलों में धुंध का प्रभाव देखा गया।
कुछ दिनों में ठंड़ और बढ़ने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है । मौसम विभाग ने ताजा अनुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के तीसरे सप्ताह यानि 21 दिसंबर से बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसके साथ-साथ नए साल में लोगों को शुरुआत से ही शीतलहर का सामना करना पड़ेगा।
बिहार मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जताते हुए कहा है कि पिछले 4 दिनों में जिस तरह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है ऐसे में ठंड में तेजी से वृद्धि होने वाली है। अगले पांच दिनों के अंदर बिहार में तापमान में भारी गिरावट देखी जाएगी। जिससे ठंड़ में बढ़ोतरी होगी और अगले चार दिनों में आकाश में घने कोहरे भी छा सकते है।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़े के अनुसार राज्य के 11 शहरों में तापमान में काफी कमी आई है। जिसके बाद बिहार में मौसम में बदलाव देखने को मिला है । मिली जानकारी के अनुसार बिहार के गया जिले में सबसे कम 0.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, औरंगाबाद में 0.5, पूर्वी चंपारण में 2.8, सुपौल में 0.4 डिग्री तापमान में गिरावट आई है। ज्यादातर शहरों का पारा 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। जिसमें पटना का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, इसके अलावा कई जिलों में 10 डिग्री और उसके आसपास तापमान रह रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में तेजी से बदलाव होने लगा है और तापमान भी 2 से 3 डिग्री नीचे रह रहा है।
इन शहरों में लुढ़क गया पारा
बिहार के 11 शहर ऐसे हैं जहां पारा ठीक-ठाक लुढ़का रेकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गया में 0.5 डिग्री, औरंगाबाद में 0.5, सीवान में एक, सारण में 0.4, पश्चिमी चंपारण में 2.8, पूर्वी चंपारण में 0.8, मुजफ्फरपुर में 0.8, सारण में 0.4, सुपौल में 0.4, दरभंगा में 0.8, कटिहार में पारा 0.3 डिग्री तक लुढ़क गया। आगे इसमें और भी गिरावट की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में पछुआ की गति काफी तेज हो गई है। पछुआ अपने साथ काफी मात्रा में नमी ला रही है, जिससे कनकनी बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम से आने वाली हवा जब देश के पर्वतीय इलाके से गुजरती है तो काफी ठंडी हो जा रही है। वहीं, हवा जब आगे बढ़कर देश के मैदानी भाग में पहुंचती है तो लोगों को ठंड का अहसास कराती है।
बदला स्कूलों का समय
कड़ाके की सर्दी के चलते पटना के सभी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। जिला दंडाधिकारी डॉ.चंद्रशेखर सिंह ने आदेश जारी कर जिले के सभी विद्यालयों का समय सुबह 9 बजे से शाम 3:30 बजे तक कर दिया है। इस समय से पहले और बाद की सभी कक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बताया गया है कि यह आदेश जिले में गिरते तापमान और विशेष रूप से सुबह के समय अधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और उनके जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की संभावना को देखते हुए जारी किया गया है। जिले के सभी विद्यालयों में सुबह 9 बजे से पहले और शाम 3:30 बजे के बाद सभी कक्षाओं के लिए शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 21 दिसंबर से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और सभी थानाध्यक्षों को इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश दिया गया है।
उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी
पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से ठंडक लिये मैदानी इलाकों तक पहुंची उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने बिहार में कंपकंपी ला दी है। मौसम के इस बदलाव से रविवार को राज्य के 20 शहरों का न्यूनतम पारा दस डिग्री से भी नीचे आ गया। उत्तर और दक्षिण बिहार, कोसी क्षेत्र के सभी प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में भी भारी कमी की वजह से दिन में भी कनकनी रही। पटना में न्यूनतम पारे में पिछले 24 घंटों में 6.6 डिग्री तक की गिरावट आई और रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन हो गया। राजधानी का न्यूनतम पारा 7.6 डिग्री पर आ गया। गया राज्य में सबसे ठंडा रहा। वहां न्यूनतम पारा 5.3 डिग्री तक आ गया।