लुधियाना कोर्ट परिसर में दोपहर करीब 12 बजे धमाका हुआ है, जिसमें मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गयी। धमाके में करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस प्रशासन की तरफ से अभी स्पष्ट नहीं किया गया कि यह बम धमाका है या गैस सिलेंडर फटने से घटना हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।






विस्फोट कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल पर हुआ है। धमाका होते ही परिसर में अफरातफरी मच गयी। घटना में मरने वालों और घायलों की पहचान अभी नहीं हुई है। घटनास्थल पर तेजी से बचाव और राहत कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट में वकीलों की हड़ताल के कारण परिसर में अन्य दिनों की तुलना में कम भीड़ थी। हालांकि, यह अभी तक पता नहीं चल सका है कि धमाका सिलेंडर फटने से हुआ या फिर जानबूझकर किया गया है। कोर्ट परिसर के दूसरे माले पर कैंटीन भी है। हालांकि, वॉशरूम में धमाके की वजह से सिलेंडर ब्लास्ट की संभावना को फिलहाल खारिज कर दिया गया है।
लुधियाना पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लड़ ने कहा कि अदालत परिसर में अब स्थिति नियंत्रित है और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि जांच के लिए चंडीगढ़ से बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
धमाके के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कुछ राष्ट्र विरोधी तत्व यह कर रहे हैं क्योंकि पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। सरकार अलर्ट है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं पंजाब की पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि राज्य की पुलिस को इस मामले की तह तक जाना चाहिए।








