बेगूसराय में राष्ट्रीय उच्च पथ-28 के बरौनी-मुजफ्फरपुर खंड पर मंगलवार को एक वाहन के पलट जाने से लोगों ने करीब एक लाख रुपए का मुर्गा लूट लिया।






घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौरा-एक धर्मदेव विश्वकर्मा चौक यात्री पड़ाव के समीप की है। जहां कि एक बाइक चालक को बचाने के क्रम में मुर्गा लोड वाहन एनएच के बगल वाले गड्ढा में पलट गया। गाड़ी पलटते ही आसपास के लोग एवं राहगीरों ने देखते ही देखते करीब तीन सौ मुर्गा लूट लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंची तेघड़ा थाना की पुलिस ने लोगों को भगाकर शेष मुर्गा सुरक्षित किया। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग एवं जेसीबी के माध्यम से गड्ढा से गाड़ी निकाला गया है। चालक पारस कुमार ने बताया कि पिकअप भान पर विकास भगत का मुर्गा लोडिंग कर भागलपुर जा रहे थे। तभी विश्वकर्मा चौक के समीप एक बाइक सवार व्यक्ति गाड़ी के सामने आ गया तथा बाइक सवार को बचाने के क्रम में गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी।
गाड़ी पलटते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोग जुट गए तथा स्थानीय लोग एवं राहगीर लाख मना करने के बावजूद गाड़ी से मुर्गा को लूटते रहे। जब तक थाना से पुलिस आई, तब तक करीब तीन सौ मुर्गा लोगों ने लूट लिया। ड्राइवर ने बताया कि करीब एक लाख रुपए के मुर्गा की लूट हो गई है।








