हरियाणा-हिमाचल राज्य की पुलिस गुरुवार की रात्रि नवादा जिले के रोह से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
हिमाचल प्रदेश के यूना सदर थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ हुई लाखों की ठगी मामले में साइबर अपराधियों की तलाश में पुलिस रोह पहुंची थी।
हरियाणा राज्य के हिसार थाना की पुलिस भी को रोह पहुंची। जिसमें हिमाचल पुलिस ने बताया कि लकी ड्रॉ के मामले में एक महिला से 30 लाख का फ्रॉड किया गया था।
मामला 2020 का है। इसके बाद फरार चल रहे आरोपी रोह थाना क्षेत्र के मड़रा गांव के पांडे टोला निवासी अनिल पांडेय के पुत्र शांतिस्वरूप शास्त्री को हिमाचल पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। वहीं हरियाणा हिसार थाना से आई पुलिस टीम ने कुंजैला गांव से स्थानीय निवासी शैलेश्वर प्रसाद के पुत्र हर्ष कुमार तथा कमलेश प्रसाद के पुत्र रौशन कुमार को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। ये दोनों आरोपी जियो रिलायंस में नौकरी देने के नाम पर हरियाणा की एक महिला से 1.10 लाख रुपए ठगी किया था।
साइबर अपराधियों को दबोचने के लिए हिमाचल प्रदेश और हरियाणा प्रदेश की पुलिस रोह पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की मदद से साइबर अपराधी की धरपकड़ के लिए दोनों राज्यों की पुलिस टीम ने देर रात तक कई गांव में छापेमारी की। इस दौरान कई युवकों को हिरासत में लिया गया था।
हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही और अनुसंधान के क्रम में हिमाचल और हरियाणा की पुलिस को मिले सुराग के आधार पर टीम लगातार छापेमारी कर रही। जिसके बाद दोनों राज्यों की टीम को अपराधियों को दबोचने में कामयाबी मिली। बता दें कि प्रखंड क्षेत्र में कई जगहों पर साइबर अपराधियों ने पहले से ही जाल फैला रखा है।
थाना क्षेत्र के कई गांवों में साइबर अपराधियों का हब बन गया है। कई साइबर अपराधियों को जेल की हवा खानी पड़ी है, बावजूद साइबर अपराध रुकने के बजाय तेज होता जा रहा है। नवादा जिले के वारसलीगंज का इलाका भी साइबर ठगों का एक बड़ा अड्डा बन चुका है। जहां प्रतिदिन लाखों का ठगी का कारोबार हो रहा है।