
बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद डॉ. संजय जायसवाल से उनके दिल्ली स्थिति आवास पर आयोजित बैठक में यूरोपियन यूनियन के भारत में राजदूत उगो अस्तुतो और पर्यावरण एवं अक्षय ऊर्जा के काउंसलर एडविन कोएक्वेक ने मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान डॉ जायसवाल ने राजदूत से बिहार में भी अक्षय ऊर्जा एवं पर्यावरण के क्षेत्र में यूरोपियन यूनियन से सहयोग करने का अनुरोध किया। राजदूत ने जायसवाल के सुझाव को स्वीकार करते हुए इस साल अप्रैल से बिहार में सहयोग करने का भरोसा दिया।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार आज केंद्र सरकार के सहयोग से अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में काफी मजबूती से कदम बढ़ा रहा है। पंचायती राज द्वारा बिहार के प्रत्येक गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट एक अनूठी पहल है। यूरोपीय यूनियन का साथ मिलने से बिहार अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में काफी नए कार्य कर सकता है।
डॉ जायसवाल व प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के बीच ग्लास्गो में हुए सीओपी 26 के बाद भारत में ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन की दिशा के क्षेत्र में चल रहे काम काज पर लंबी चर्चा हुई। भारत सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा आज पूरा विश्व करता है। राजदूत ने भी बताया कि “ओसोगो” अर्थात एक सूर्य एक पृथ्वी एवं एक ग्रिड के भारत एवं ब्रिटेन के प्रधानमंत्रियों के संकल्प को देखते हुए जर्मनी, फ्रांस और इंग्लैंड भी र्गिड कनेक्टिविटी कर रहे हैं।