
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की पटना में आज हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई फ़ैसले किए गये लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष के मुददे पर कुछ खास निर्णय नहीं हुए। राजद की कमान अभी लालू यादव के हाथों में ही रहेगी। राजद का राष्ट्रीय अधिवेशन इस वर्ष ही 11 अक्टूबर को दिल्ली में होगा, जिसमें पार्टी के सांगठनिक विस्तार को नया रूप दिया जा सकता है।
बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा
कि आज के कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय परिषद की बैठक का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। बैठक में पार्टी ने फरवरी से सदस्यता अभियान चलाने का फैसला किया है। 20 जून, 2022 तक यह सदस्यता अभियान पूरे बिहार में चलाया जाएगा। राज्य कार्यकारिणी का चुनाव 22 सितंबर होगा, जिसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 11 अक्टूबर में होगी। आज के कार्यकारिणी की बैठक में अगले राष्ट्रीय परिषद के कार्यक्रम का निर्धारण किया गया।
अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा
वर्तमान में हमारी पार्टी का संगठन 25 राज्यों में है। इसे और ज्यादा विस्तार दिया जाएगा। पार्टी को उत्तर से दक्षिण तक मजबूत किया जायेगा। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं को एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ राजद का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने देश की समस्याओं को नजरंदाज करने के लिए केंद्र सरकार की जमकर आलोचना की।
राजद कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी के निशाने पर रहे नीतीश कुमार
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जातीय जनगणना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी का चोला पहनकर आप समाजवादी नहीं हो जाएंगे। विधानसभा से दो बार प्रस्ताव पारित होने के बाद ऑल पार्टी मीटिंग की क्या जरूरत है।
उन्होंने कहा कि जब प्रस्ताव पारित हो रहा था तो उस समय भाजपा के लोग भी सदन में मौजूद थे। जदयू ने 15 दिन में ही सौ करोड़ रुपये जमा कर लिया। बिहार के सभी अधिकारियों को पैसा देने को कहा गया है। तीसरे नंबर की पार्टी को जनता इतना पैसा कहां से देगी।
उन्होंने कहा कि विशेष राज्य के दर्जे के नाम पर सिर्फ तमाशा हो रहा है। केन्द्र और राज्य में उनकी ही सरकार है फिर क्यों नहीं मिल रहा है विशेष राज्य का दर्जा। कांग्रेस के बिना देश में विपक्ष संभव नहीं है लेकिन राज्यों में क्षेत्रीय दलों को ड्राइविंग सीट पर रखना होगा।
–तेजस्वी ने कहा, कांग्रेस के बिना देश में विपक्ष संभव नहीं
कांग्रेस पर निशान साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में राजद सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन उसे कमजोर किया जा रहा है, ऐसा नहीं चलने वाला है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हमने 70 सीटें दी। राष्ट्रीय मुद्दों पर हम केंद्र में साथ हैं लेकिन कांग्रेस को बिहार में भी साथ देना चाहिए। राजद ने हमेशा त्याग किया है, कांग्रेस को भी भाजपा को रोकने के लिए राजद का समर्थन करना चाहिए।
सभी विपक्षी दल एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराएं : लालू
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजद सुप्रीमो ने लालू यादव (Let all opposition parties unite and defeat BJP) ने प्रदेश की भाजपा-जदयू सरकार पर निशाना साधा।शराबबंदी पर उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल फेल है। लालू प्रसाद ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़कर भाजपा को हराना चाहिए।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि कांग्रेस के बिना देश में विपक्ष संभव नहीं है लेकिन क्षेत्रीय दलों को राज्यों में ड्राइविंग सीट पर रखना होगा। तेजस्वी ने जानकारी दी कि अब 11 अक्टूबर को राजद की राष्ट्रीय परिषद की बैठक दिल्ली में होगी। उसी समय राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन भी होगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद पहले राष्ट्रीय पार्टी हुआ करती थी। बाद में जब गठबंधन का दौर चला तो हमने गठबंधन किया। इस दौरान हमने धर्मनिरपेक्ष पार्टियों के साथ कई राज्यों में भाग भी लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में राजद सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन इन दिनों राजद को ही कमजोर किया जा रहा। ऐसा ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है। विधानसभा में हमने 70 सीटें जीती हैं।ऐसे में कांग्रेस को भी हमारा साथ देना चाहिए।
तेजस्वी ने कहा कि राजद ने हमेशा त्याग किया है। भाजपा को रोकने के लिए राजद का समर्थन करना चाहिए। हर क्षेत्रीय पार्टी ने कभी ना कभी एनडीए के साथ समझौता किया लेकिन राजद ने एक बार भी ऐसा नहीं किया। उन्होंने अपने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजद के सभी विधायक सोने से पहले ये सोचे लें कि आज उन्होंने क्या योगदान दिया है। नेताओं के लिए पार्टी ही सब कुछ है। पार्टी है तो हम हैं। चुनाव के दौरान पार्टी ने कुछ लोगों को टिकट दिया तो कुछ लोग इससे वंचित रह गए लेकिन हम सभी एक हैं। हमें साथ मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए लड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह चौपट है। उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा का सफाया होने जा रहा है। यह चुनाव महत्वपूर्ण होने वाला है। स्थानीय निकाय में 80 फीसदी हमारे लोग चुने गए हैं। 24 सीटों में ज्यादातर सीटों पर हम जीतकर आएंगे। सबको मिलकर समझदारी से चुनाव लड़ना है।
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अगले सत्र ( 2022 – 20025 ) के संगठनात्मक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए उदय नारायण चौधरी को राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी और चित्तरंजन गगन को सहायक राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री और छात्र जनशक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव, राज्यसभा सदस्य मीसा भारती, वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी,उदय नारायण चौधरी, जयप्रकाश नारायण यादव, श्याम रजक, सुनील सिंह आदि कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।