

अररिया के नरपतगंज में भीषण सड़क हादसा मंगलवार को हुआ । जहां अररिया-सुपौल सीमा पर नरपतगंज के अनंत चौक के पास बस और ट्रक में आमने-सामने से टक्कर हो गई है।
डब्ल्यूबी 73 सी 7328 बस सीतामढ़ी से सिलीगुढ़ी जा रही थी। इस दौरान हादसा हुआ । हादसे में एक की मौत हो गयी जबकि 36 यात्री घायल हो गये। बताया जा रहा है कि घटना में बस कंडेक्टर की इलाज के दौरान मौत गई और एक दर्जन लोगों की हालत गंभीर है।
इस बस में अधिकतर यात्री बंगाल के थे। जो सीतामढ़ी से दिन के करीब 2:00 बजे बस से सिलीगुड़ी के लिए निकले थे। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि बस में करीब सौ से ज्यादा की संख्या में ठुस-ठुस कर यात्रियों को भरा गया था और चालक अनियंत्रित होकर बस को चला रहा था। जिस कारण अररिया सुपौल सीमा पर जैसे ही बस पहुंची कि सामने से आ रहे ट्रक के साथ बस की सीधी जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंची भीमपुर सुपौल थाने की पुलिस ने घायलों को अररिया के नरपतगंज अस्पताल पहुंचाया। वही इस घटना की सूचना मिलते ही नरपतगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य जारी किया। घायलों की संख्या ज्यादा होने के कारण अस्पताल परिसर में ही इलाज शुरू करना पड़ा। मौके पर फारबिसगंज एसडीओ सुरेंद्र कुमार अलबेला, बीडीओ रंजीत सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।


