

बेनीपुर। स्थानीय विधायक सह जदयू के जिलाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि स्वस्थ जीवन एवं स्वस्थ पाचन क्रिया को तंदुरुस्त रखने के लिए दांतो की सुरक्षा अति आवश्यक है। इसके लिए आवश्यक देखभाल बहुत जरूरी है।
वे आज पोहद्दी दुर्गा मंदिर परिसर में निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का शुभारंभ कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि दांत का रोग 80 फीसदी तंबाकू के कारण ही होता है। इसका भयावह परिणाम कैंसर के रूप में सामने आता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के एक आंकड़ा के अनुसार प्रतिवर्ष 90 लाख से अधिक लोग कैंसर से पीड़ित होकर मौत को गले लगाते हैं।
इसमें 70 फ़ीसदी से अधिक लोग भारत जैसे देश के मध्यम वर्गीय होते हैं, जिनका मूल कारण तंबाकू ही है और चिकित्सकों द्वारा बार-बार तंबाकू से दूर करने की नसीहत दी जाती है फिर भी लोग जानबूझकर मौत को गले लगाने के लिए तैयार रहते हैं।
उन्होंने उपस्थित लोगों से तंबाकू से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि वैसे तो हर नशा पान का परिणाम भयावह ही होता है। यही सोच कर हमारे मुख्यमंत्री बिहार में पूर्ण शराबबदी लागू किए हैं। इसे तत्परता से मॉनिटरिंग की जा रही है। वैसे कुछ लोग अभी भी गड़बड़ी करने में लगे हुए हैं, लेकिन वह ज्यादा दिन बच नहीं पाएंगे।
इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. श्रेष्ठ गामी ने दंत चिकित्सा पर विस्तृत जानकारी उपस्थित लोगों को देते हुए दांत की नियमित साफ-सफाई पर जोर देते हुए तंबाकू और तंबाकू जनित खाद्य पदार्थ से बिल्कुल दूर रहने की अपील की।
उन्होंने बारीकी से दांत में होने वाले रोगों की विस्तृत जानकारी एवं उससे बचाव के उपाय आम लोगों के समक्ष रखा। इस दौरान डॉ. गामी के सहयोग में डॉ. अशोक, डॉ. नीतीश सहयोगी सुधांशु कुमार, राजू कुमार के द्वारा एक सौ से अधिक दंत रोगों से पीड़ित लोगों का निशुल्क चिकित्सा किया।
साथ ही आवश्यक दवा ,टूथपेस्ट ,ब्रस के साथ-साथ विस्तृत सलाह भी दी। इस अवसर पर पंचायत के मुखिया की ओर से विधायक श्री चौधरी को पाग चादर एवं माला से सम्मानित किया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया राजमणि देवी ने की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी राम कुमार झा, मुखिया प्रतिनिधि ध्रुव स्वामी, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि लाल बहादुर साहनी, मनोज झा, अमित कुमार राय बिट्टू सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।




