

गया जिला के नीमचक बथानी प्रखंड के मई पंचायत के महादेव बीघा में बुधवार दोपहर कच्ची दीवार के मलवे में दब जाने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई है।
मृतक बच्चे भाई और बहन है। अन्य तीन बच्चों को सीमावर्ती नालंदा जिला के राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।घायल बच्चों में 08 वर्षीय पीयूष कुमार,06 वर्षीय सत्यम कुमार और 05 वर्षीय स्नेही शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा
कि घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों की सूची में 50 साल की महिला सुनैना देवी, 10 साल की चांदनी तथा 12 साल का संजन शामिल है। घटना की सूचना प्राप्त होते हैं अनुमंडल पदाधिकारी नीमचक बथानी एवं अंचलाधिकारी नीमचक बथानी को घटनास्थल पर भेजा गया। घटना की जांच में पाया गया कि बच्चे सड़क के किनारे खेलने के वक्त अचानक दीवार गिरने के कारण घटना हुई है।
ज़िला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने
उक्त दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अंचलाधिकारी, नीमचक बथानी को निदेश दिया कि मृतक के आश्रित को 04 लाख का मुआवजा राशि बुधवार को ही देने का निदेश दिया। इलाजरत लोगों को बेहतर इलाज हेतु प्रबंध किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णा राजवंशी के घर का कच्चा दिवाल अचानक ध्वस्त होकर गिर गया।दिवाल के मलवे में दब जाने से तीन की मौत हो गई है। वहीं, तीन घायल हैं। घटना के समय मध्याह्न भोजन के लिए सुनील राजवंशी के पुत्र संजन कुमार और पुत्री चांदनी घर से थाली लाने अपने कई छात्र मित्रों के साथ आए हुए थे। तभी घटना घटित हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार उर्फ रंजीत यादव,एस डी एम गोपाल कुमार, एसडीपीओ विनय कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कराने में लगे हुए हैं।



