

मधुबनी,देशज टाइम्स ब्यूरो। शहर में हर घर नल के जल योजना के लाभुकों से प्रतिमाह अब तीस रुपये वसूल किये जायेेंगे। वसूल की गयी यह राशि मोटर चलाने में खपत होने वाले बिजली बिल और उसके संचालन पर होने वाले श्रमिक व अन्य व्यय पर खर्च किया जायेगा।
डीएम अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिये गये निर्णय के अनुपालन के आलोक में नगर निगम ने शहरी लाभुकों से राशि वसूल करने का फैसला लिया है। इसके लिए पदचर को जिम्मेवारी दी गयी है। वार्ड वार राशि वसूल करने का दायित्व इन पदचरों की होगी।
पदचरों के बीच वार्ड का शीघ्र वितरण कर राशि वसूल करने की प्रक्रिया शुरू कर दिया जायेगा। नगर निगम ने लाभुकों से राशि की वसूली सख्ती से करने के लिए पदचरों का वेतन भुगतान इस वसूली के अनुपातिक तय करने का निर्णय लिया है। इस वसूली पर ही पदचरों का वेतन भुगतान डिपेंट करेगा। इसके लिए एक लक्ष्य निर्धारित किया जायेगा।
इस न्यूनतम राशि को वसूल करना आवश्यक होगा। इसके अलावे अधिक वसूल करने वालों को प्रोत्साहित किया जायेगा। वहीं शहर में नल जल योजना पूरा होने या अधूरा होने का मामला हमेशा पेच में फंसता रहा है। इसतरह राशि की लाभुकों से आपूर्ति के टैक्स लिये जाने से शहर में योजना से लाभान्वित लोगों की सही व वास्वविक संख्या की जानकारी मिल जायेगी। वहीं लाभुकों द्वारा यदि किसी वार्ड से राशि नहीं दी जाती है तो पूरे वार्ड में सप्लाई बाधित कर दिया जायेगा।
क्या कहते हैं नगर आयुक्त
उप नगर आयुक्त अरुण कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारी के आदेश के आलोक में लाभुकों से प्रतिमाह तीस रुपये लिये जाने के लिए कर्मियों को लगाया जा रहा है। इससे सप्लाई बाधित होने की शिकायत खत्म हो जायेगी। क्योंकि इसके लिए व्यक्ति विशेष लगेगा।



