

घोघरडीहा,मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। घोघरडीहा रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म के अंडरपास को तैयार हुए चंद महीने भी नहीं बीते हैं, लेकिन उनमें जानलेवा गड्ढा बनना शुरू हो गया है।
इससे लोगों के बीच खासा आक्रोश देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए बने अंडरपास में पत्थर बिछाने में ठेकेदार की ओर से भारी अनियमितता बरती गई है।
इस कारण चंद महीनों में ही पत्थर का उखड़ना शुरू हो गया है। यहां खतरनाक गड्ढे बन रहे हैं। वहीं इससे लोगों को जान के खतरे का डर बना हुआ है। ट्रेन पकड़ने अंडरपास से प्लेटफार्म पर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि पत्थर उखड़ने से लोगों के पांव में चोट लगने से लोग घायल भी हो रहे हैं।
वहीं लोगों ने बताया कि घटिया किस्म के पत्थर, बालू व सीमेंट से तैयार करने के कारण अंडरपास के पत्थर उखड़ने लगे हैं। आक्रोशित लोगों ने ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।


