

फोटो देशज टाइम्स कैप्शन: बेनीपट्टी के चानपुरपट्टी में विलाप करते परिजन
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। बेनीपट्टी अंचल क्षेत्र के शाहपुर पंचायत के चानपुरपट्टी वार्ड 15 में स्थित चिड़ियाही गाछी में जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी।
मृतक की पहचान चानपुरपट्टी निवासी सुबोध राउत के नौ वर्षीय पुत्र सुभाष राउत के रूप में की गयी है़। घटना शनिवार की शाम करीब 4 बजे के आसपास की बतायी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक शनिवार की शाम करीब 4 बजे कुछ अन्य बच्चों के साथ अपने घर से तकरीबन 400 मीटर की दूरी पर खेलने के लिए गया था, जहां उक्त गड्ढे में डूब जाने से उसकी मौत हो गयी। देर शाम तक भी बच्चे के नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हुए और बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई पता नही चल पा रहा था।
इसी क्रम में परिजनों को उक्त गड्ढे के पास कुछ बच्चों को खेलते देखे जाने की बात कुछ लोगों की ओर से कहे जाने पर परिजन करीब 9 बजे रात में उक्त गड्ढे के पास गए और गड्ढे के पानी में तलाश करने लगे। इसी क्रम में पानी में तैरते बच्चे का खिलौना और चप्पल दिखा और कुछ कदम आगे बढ़ने पर तलाश कर रहे लोगों के पैर से कपड़ा टकराया तो ढूंढ़ रहे लोगों ने कुछ कदम और आगे बढ़कर ढूंढा तो वहां से बच्चे का शव बरामद हुआ।
गाछी में करीब दो कट्ठा भू भाग में जेसीबी से खोदे गढ्ढे में बच्चे का शव मिलने के बाद पूरे गांव में हाहाकार मच गया। उधर घटना की सूचना रविवार की सुबह बेनीपट्टी थाना पुलिस को दी गयी। जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया।
पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौप दिया। बच्चे की मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की मां सुलेखा देवी सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक दो भाईयों में सबसे बड़ा था। इधर, मृतक के गांव में मातम पसरा हुआ है़। बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


