बेनीपुर, देशज टाइम्स ब्यूरो। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय पोहद्दी के विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक गुरुवार को संपन्न हुई। बैठक में आधे दर्जन से अधिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ विनय कुमार चौधरी ने की । बैठक के प्रारंभ में गत बैठक की संपुष्टि करते हुए प्रधानाध्यापक विनोद पासवान को विगत 2 वर्षों का आय-व्यय का ब्यौरा पटल पर रखने का निर्देश दिया गया। लेकिन प्रधानाध्यापक कोई भी हिसाब देने में सक्षम नहीं रहे और वह अगली बैठक में आय-व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत करने की बात कही।






लेकिन विधायक एवं अन्य सदस्य उनके विचारों से असहमति व्यक्त करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इंदू सिंहा से विद्यालय का विगत वर्षों का लेखा-जोखा का अंकेक्षण करवाने का निर्देश दिया ।बैठक में तत्काल प्रधानाध्यापक की अक्षमता को देखते हुए वरीय शिक्षक सुधाकर लाल दास को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधि संचालित करने की जिम्मेवारी सौंपी गई।
साथ ही विद्यालय का शैक्षणिक माहौल दुरुस्त रखने का निर्णय लेते हुए विद्यालय के आधारभूत संरचना को मजबूत करने का निर्णय लिया गया । जिससे कि माध्यमिक विद्यालय के छात्र छात्राओं का पठन-पाठन का उपयुक्त माहौल कायम हो सके। बैठक से पूर्व विधायक श्री चौधरी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित कर विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाने की अपील की।
साथ ही उन्होंने नियमित पाठ तालिका एवं पाठ टीका निर्धारित करते हुए शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया। विद्यालय का संचालन मनमानी तौर तरीके से न कर सरकार के द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देश के आलोक में विद्यालय संचालन का निर्देश दिया गया। विधायक श्री चौधरी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप राष्ट्र निर्माता हैं आप जितने इमानदारी पूर्वक बच्चों को शिक्षा दान करेंगे। आपका कद समाज में उतना ही ऊंचा उठेगा और स्वयं के भी चारित्रिक विकास में सहायक होगा।
उन्होंने पाठ टीका का निर्माण के साथ-साथ स्वयं अध्ययनरत रहने की बात बताते हुए कहा कि सही शिक्षक वही कहलाते हैं जो स्वयं अध्ययनरत रहते हैं। जो स्वयं अध्ययन नहीं करेंगे वह बच्चे को समुचित शिक्षा नहीं दे पाएंगे। इसलिए आप लोग भी नियमित अध्ययनरत रहें जिससे अपना भी ज्ञान वर्धन होगा और बच्चों को भी उचित शिक्षा दे पाएंगे।
इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इंदु सिंहा, ग्रामीण शिक्षाविद सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. परमेन्दु पाठक, पूर्व उप प्रमुख प्रेम कुमार झा, राधा देवी सहित अन्य प्रबंध समिति के सदस्य एवं शिक्षा प्रेमी सहित सभी शिक्षक उपस्थित थे।








