बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। बेनीपट्टी के बसैठ में स्टेट हाईवे-52 पथ के किनारे टहल रहे एक वृद्ध को तेज रफ्तार एक बाइक ने ठोकर मार दी। जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गये और इलाज के लिये दरभंगा ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गयी। मृतक की पहचान बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बसैठ गांव निवासी देवेंद्र यादव (57) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रविवार की रात्रि करीब नौ बजे के आस-पास भोजन कर सड़क किनारे टहल रहा था। इसी दौरान बसैठ चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित होकर मृतक को ठोकर मार दी। जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गये। परिजन आनन-फानन में उन्हें दरभंगा ले गये। जहां वाहन से नीचे उतारते ही वृद्ध की मौत हो गयी।






उधर, दुर्घटना होने के क्रम में बाइक चालक का मोबाइल सड़क पर गिर पड़ा और दुर्घटना होते ही बाइक चालक बाइक और मोबाइल छोड़कर भाग निकलने में सफल रहा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके से बाइक व मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि बाइक चालक बसैठ चौक से बेनीपट्टी की ओर जा रहा था और बाइक की डिक्की व अन्य जगहों पर नेपाली देसी शराब छिपाकर रखा था। घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाना पुलिस ने मोबाइल और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। परिजनों ने मधुबनी सदर अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम करा अंतिम संस्कार कर दिया।
उधर, वृद्ध के मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। इस बाबत पूछे जाने पर पुनि सह थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद ने बताया कि अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।








