बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। बेनीपट्टी राजद कार्यालय परिसर में प्रखंड अध्यक्ष रामवरण राम की अध्यक्षता में प्रखंड इकाई के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में पूर्व विधायक रामाशीष यादव ने कहा कि बारिश नही होने से किसान मजदूर परेशान हैं। सुखाड़ से किसान मजदूर का जीवन दयनीय हो गया है और उनके समक्ष आर्थिक तंगी आ गयी है़।
सरकारी नलकूप बंद पड़े रहने के कारण किसानों को अपने फसलों की सिचाई में समस्या खड़ी हो गयी है। काफी संख्या में किसान और मजदूर पलायन करने को विवश नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद द्वारा विभिन्न मांगों के समर्थन में प्रखंड कार्यालय पर एकदिवासीय धरना दिये जाने का निर्णय लिया गया है़।






जिसमें बेनीपट्टी सहित पूरे मधुबनी जिले को सुखाड़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने, मुफ्त बिजली देने, नलकूपों को चालू करने, किसानों का कर्ज माफ करने, बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने या तत्काल दो हजार रूपये मासिक बेरोजगारी भत्ता देने, वृद्धा पेंशन की राशि में बढ़ोतरी करने सहित अन्य मांगें भी शामिल हैं।
मौके पर पूर्व प्रखंड अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व उपप्रमुख राम विनय प्रधान, संतोष कुमार सुमन, जामुन यादव, देवनारायण यादव, राजेंद्र कामत, नगर राजद अध्यक्ष मो. हादी अंसारी, शत्रुघ्न यादव और राम औतार सदाय सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।








