दरभंगा, देशज टाइम्स ब्यूरो। शनिवार को जनता की चिरलंबित मांग दरभंगा-सकरी-बेनीपुर बिरौल-हरिनगर रेलखंड पर नई ट्रेन परिचालन शुरू हो गई। साथ ही, यात्रियों के बीच समय सारणी परिवर्तन को लेकर भी पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी गई।
रेल संबंधी स्थायी समिति एवं रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री सदस्य सह सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने नई दिल्ली से वीडियो लिंक के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।






मौके पर सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि आज का दिन दरभंगा के लिए पुनः उपलब्धि का दिन है। जनता जनार्दन की चिरलम्बित मांग दरभंगा-सकरी-बेनीपुर बिरौल-हरिनगर रेलखंड पर नई ट्रेन परिचालन एवं समय सारणी में परिवर्तन को लेकर थी, वह आज पूर्ण हो रही है। निश्चित रूप से दरभंगा जिला के पूर्वी भाग में अवस्थित गांव के लाखों लोग इससे प्रतिदिन लाभान्वित होंगे और जिला मुख्यालय आसानी से आ सकेंगे।
उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त कराया कि हरिनगर से आगे लंबित रेल परियोजना का काम भी जल्द प्रारंभ होगा और कुछ पर्यावरण विभाग की आपत्ति है जिसको जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। सांसद ने कहा कि दरभंगा से हरनगर के लिए सुबह 08.25 बजे एवं शाम 04.10 बजे ट्रेन खुलेगी , वहीं हरनगर से सुबह 05.15 बजे एवं दोपहर 02.45 बजे दरभंगा के लिए ट्रेन प्रस्थान करेगी।
उन्होंने दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने,रेल दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण,नई रेल लाइन निर्माण,सभी छोटे बड़े स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, यात्री सुविधा एवं सुरक्षा, आरओबी, एफओबी, एक्सक्लेटर, कोसी रेल महासेतु, स्टेशन पर मूलभूत का सुविधा का विकास सहित कई विषयों पर मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे ऐतिहासिक कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिन पहले ही दरभंगा से अजमेर के नई ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया गया है।








