मुख्य बातें
मजदूर महिला की निर्मम हत्या से सनसनी
आम के बागान से पुलिस ने बरामद किया शव
मामला भैरवस्थान थाना क्षेत्र के रैयमा गांव की
मामले की जांच में जुटी पुलिस
झंझारपुर, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। अनुमंडल के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के रैयाम पश्चिमी पंचायत के रैयाम ओझा आम के बागान से पुलिस ने करीब 35 वर्षीया एक मजदूर महिला का शव ग्रामीणों के सूचना पर बरामद किया है।






पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव देखने से प्रतीत होता है कि किसी ने मृतक महिला के साथ गलत व्यवहार कर चाकू से गर्दन पर गोद कर हत्या कर आम के बागान में ला कर फेंक दिया है। बताया जाता है कि मृतक महिला गुरुवार शाम मजदूरी कर घर लौटी थी और फिर सब्जी खरीदने के लिये घर में बोलकर निकली थी। उसके बाद रात भर घर नहीं लौटी।
सुबह होते होते ग्रामीणों ने मृतक महिला का शव गांव के ओझा गाछी आम के बागान में देखा। मृतका की पहचान गांव के सरोज सदाय की पत्नी कुसुम देवी के रूप में की गई है। मृतका अपनी सास ससुर से अलग रह रही थी। मृतका के पति की दिमागी हालत ठीक नहीं रहने के कारण वह अकेली हर रोज मजदूरी कर अपने दम पर परिवार के लिये दो जून की रोटी जुटाती थी।
मृतका को एक 10 वर्ष का पुत्र और 8 वर्ष की एक पुत्री है। बच्चे रो-रोकर अपनी मां को खोज रहे हैं। महिला के शव की सूचना मिलने पर गांव में मातम का माहौल है। थानाध्यक्ष रूपक कुमार अम्बुज ने बताया कि शव बरामद कर मामला दर्ज करते हुए पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। झंझारपुर एसडीपीओ आशीष आनंद ने इस संबंध में बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही उद्भेदन कर लिया जाएगा।








