
समस्तीपुर से बड़ी खबर है यहां शनिवार सुबह चकमेहसी थाना क्षेत्र में सोरमार पंचायत के श्रीनाथ पारन गांव में दक्षिण चौर स्थित तालाब में डूबने से एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, डूबकर मरने वालों में तीस वर्षीय चंपा देवी, बारह वर्षीय आंचल कुमारी, दस साल के गौतम कुमार और काजल जो आठ साल की है शामिल है। बताया जाता है कि चंपा देवी का ससुराल बेलसंडी गांव में था।
महिला अपने बच्चों के साथ तालाब के पास शनिवार सुबह शौच के लिए गई थी। तभी एक बच्चा तालाब में गिर गया और डूबने लगा। इसी को बचााने में अन्य लोगों की भी जान चली गई।
परिजनों ने बताया कि बच्चे को बचाने के चक्कर में दूसरे बच्चे और फिर महिला ने भी तालाब में छलांग लगा ली। एक-एक कर के चारों तालाब में डूब गए। मौके पर ग्रामीणों की जुटी भीड़ और बाद में पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकाला।
बताया जाता है कि चंपा देवी रक्षाबंधन पर मायके आई हुई थी। सुबह वह अपने बच्चों के साथ शौच पर गई। तभी यह हादसा हुआ। एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में सभी डूब गए।






